राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। शहर की दुर्गा कॉलोनी में गली के अंदर बिजली ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर रविवार दोपहर को विवाद हो गया। ट्रांसफार्मर लगाने पहुंची बिजली निगम की टीम और स्थानीय महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर महिला पुलिस कर्मचारियों को बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार दुर्गा कॉलोनी के रिहायशी इलाके में संचालित एक फैक्टरी के लिए बिजली निगम के कर्मचारी गली के अंदर ट्रांसफार्मर लगाने पहुंचे थे। पुलिस की मौजूदगी में जब निगम कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू की तो क्षेत्र की महिलाओं ने इसका जोरदार विरोध किया।
विरोध कर रही महिलाओं को हटाने के लिए महिला पुलिस कर्मचारियों ने प्रयास किया, लेकिन इस दौरान महिलाओं और महिला पुलिस कर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। काफी देर तक मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा और गली में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
महिलाओं के लगातार विरोध को देखते हुए बिजली निगम की टीम ने फिलहाल ट्रांसफार्मर लगाने का काम रोक दिया और दो दिन का अल्टीमेटम देकर बिना ट्रांसफार्मर लगाए ही वापस लौट गई।
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि रिहायशी गली में ट्रांसफार्मर लगाने से सुरक्षा और बच्चों के लिए खतरा पैदा होगा, जबकि निगम कर्मचारियों का कहना है कि फैक्टरी को बिजली आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर लगाना आवश्यक है।
