अबकी बार होली रंगों से नहीं विरोध के स्वर से गूंजेगी: जिला प्रधान आनंद दीक्षित

Rajesh Bisht/ Naye Bharat Ka Uday

156 दिनों से धरने पर बैठे एलसीएलओ मनाएंगे बेरंग काली होली, कुरुक्षेत्र में जुटेगा प्रदेश भर का हुजूम
भिवानी। हरियाणा में अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत लोकल कमेटी लोकल ऑपरेटर्स (एलसीएलओ) ने अब सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। सीआईटीयू से संबंधित एलसीएलओ यूनियन और सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने संयुक्त रूप से ऐलान किया है कि आगामी एक मार्च को कुरुक्षेत्र स्थित लघु सचिवालय के धरना स्थल पर बेरंग काली होली मनाई जाएगी। यह निर्णय सरकार की वादाखिलाफी और कर्मचारियों की मांगों के प्रति उदासीन रवैये के विरोध में लिया गया है।


भिवानी जिला प्रधान आनंद दीक्षित ने बताया कि कुरुक्षेत्र में एलसीएलओ का धरना पिछले 156 दिनों से अनवरत जारी है। उन्होंने रोष प्रकट करते हुए कहा कि कडक़ती ठंड और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सरकार उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है। दीक्षित के अनुसार एलसीएलओ कर्मचारियों के साथ लगातार अन्याय और उपेक्षा की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है।


यूनियन ने भर्ती प्रक्रिया में विसंगतियों को लेकर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि दो-दो कड़े एग्जाम पास करने और 1000 शुल्क जमा करने के बाद भी योग्य अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिला। जिस विज्ञापन में एलसीएलओ का कोई उल्लेख नहीं था, उसके बावजूद सरकार द्वारा बिना निश्चित वेतन के कर्मचारियों को नियुक्त करना पूरी तरह से अधिकारों का हनन है। यूनियन ने इसे कर्मचारियों के साथ किया गया छल करार दिया है।


एलसीएलओ राज्य उपप्रधान प्रवीण ने कहा कि हमने इसी धरना स्थल पर काली दिवाली मनाई थी और अब सरकार की नाकाम नीतियों के कारण हम बेरंग होली मनाने को मजबूर हैं। यह एक प्रतीकात्मक रोष है जो सरकार को यह संदेश देगा कि जब तक न्याय नहीं मिलता, यह संघर्ष थमेगा नहीं। राज्य उपप्रधान प्रवीन ने हरियाणा के कोने-कोने से एलसीएलओ से अपील की है कि वे एक मार्च बड़ी संख्या में कुरुक्षेत्र पहुंचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार की होली रंगों से नहीं, बल्कि विरोध के स्वर से गूंजेगी। बैठक में प्रवीन (राज्य उपप्रधान), आनंद दीक्षित (भिवानी जिला प्रधान), कीर्ति, रोहित धानिया, रामफल समेत कई अन्य प्रमुख साथी उपस्थित रहे और आंदोलन को तेज करने की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!