मेगा शिविर में ग्रामीणों को मिले कानूनी अधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ: डीआर चालिया

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

रोहनात शिविर में एक ही छत के नीचे न्याय और जनसेवा योजनाओं की दी जानकारी

भिवानी/बवानीखेड़ा, 24 फरवरी। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) भिवानी गांव रोहनात स्थित वीर शहीद लज्जो राम राजकीय हाई स्कूल में मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया ने रिबन काट कर किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया।

सीजेएम-सह-सचिव डीएलएसए पवन कुमार भी मौजूद रहे।जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय, सरकारी योजनाओं और मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी पहुंचाना रहा, ताकि जरूरतमंद लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलती है, बल्कि उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता भी उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और जरूरत पडऩे पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि न्याय सभी नागरिकों का अधिकार है और डीएलएसए इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

सीजेएम एवं सचिव डीएलएसए पवन कुमार ने बताया कि इस शिविर की सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण लाभार्थियों के चेहरों पर दिखाई देने वाली संतुष्टि है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में जानकारी प्रदान की गई।

उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाता है, ताकि आमजन को न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध हो सके। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं और जानकारी मिलना उनके लिए अत्यंत लाभकारी साबित हुआ।

शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टालों के माध्यम से दी सरकार की योजनाओं व नीतियों की जानकारीशिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, डाक विभाग, क्रीड सहित अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों को वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं, श्रमिक कल्याण योजनाएं, महिला सुरक्षा, बच्चों के अधिकार, डाक बैंकिंग सेवाएं तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

पात्र लाभार्थियों के मौके पर ही आवेदन भरवा कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा गया। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और उनका मौके पर ही समाधान प्राप्त किया। शिविर में लगभग सेकडो लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम, एलएडीसीएस, पैनल अधिवक्ता, अधिकार मित्र, स्कूल स्टाफ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!