Rajesh Bisht/ Naye Bharat Ka Uday

राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में एथलीट मीट का शुभारंभ
भिवानी : अनुशासन, एकता और पारस्परिक सहयोग से भी अधिक महत्वपूर्ण है अपनी टीम की सबसे कमजोर कड़ी को पहचान लेना क्योंकि यही वह बिन्दु है जिसका लाभ उठाकर आपकी विरोधी टीम आपको मात दे सकती है। इसलिए हमारा दायित्व है कि हम अपनी कमजोरी को पहचान लें और उसे मजबूती में तब्दील करें। उपरोक्त कथन बी एन 11 एन सी सी के इंचार्ज कर्नल एन्टनी हैनरी सेल्वम ने यहां सेक्टर 13 स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान की चतुर्थ दो दिवसीय एथलीट मीट का शुभारम्भ करते हुए प्रतिभागियों एवम् स्टाफ सदस्यों को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किया। इससे पूर्व कर्नल एन्टनी ने विशिष्ट अतिथि मारुति सुजुकी के रोहतक एच आर हैड योगेश कौशिक, संस्थान की प्राचार्या डॉ गीता गुलिया, उपप्रधानाचार्य बृजमोहन, विभागाध्यक्ष राजेश जिन्दल, हर्ष कुमार, जय सिंह और एन सी सी इंचार्ज डॉ सन्नी पन्नू के साथ प्रतिभागियों द्वारा किए गए मार्च पास्ट की सलामी ली और खिलाडिय़ों को खेलभावना की शपथ दिलवा कर ध्वजारोहण के साथ इस एथलीट मीट का शुभारंभ किया।

पधारे हुए अतिथियों का संस्थान की प्राचार्या डॉ गीता गुलिया ने स्वागत और आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि हम अनुशासन के साथ-साथ केवल जीत को ही नहीं बल्कि हार को भी स्वीकार करना सीखें ।
दो दिवसीय एथलीट मीट के पहले रोज़ छात्र और छात्राओं की सौ मीटर, दो सौ मीटर, चार सौ मीटर रेस, डिस्कस थ्रो, लोंग जम्प, हाई जम्प और ट्रिपल जैसी प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया गया जिसमें छात्र और छात्राओं ने बढ़चढक़र भाग लिया । विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में छात्रों में सिद्धांत, अंकित, जतिन, विजय और छात्राओं में हर्षिता, ममता एवम् ख़ुशी ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए ।
प्रतियोगिताओं के समापन के पश्चात मुख्य अतिथि कर्नल एन्टनी और विशिष्ट अतिथि योगेश कौशिक ने मैडल, सर्टिफिक़ेट और अन्य इनाम देकर विजेताओं को सम्मानित किया । संस्थान की प्राचार्या डॉ गीता गुलिया ने इस अवसर पर पधारने पर अतिथियों को संस्थान की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया ।
