इंग्लिश एप्टीट्यूड परीक्षा में जूनियर व सीनियर विद्यार्थियों ने मारी बाजी

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। स्थानीय विवेकानंद हाई स्कूल, हनुमान ढाणी में सामाजिक संस्था सदाचारी शिक्षा समिति, श्री बाला कोचिंग प्रशिक्षण केंद्र तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में एसएससी, यूपीएससी व सीजीएल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तर्ज पर अंग्रेजी बौद्धिक प्रतिभा (इंग्लिश एप्टीट्यूड) परीक्षा का आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता में कक्षा चौथी से दसवीं तक के लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की अंग्रेजी विषय में समझ, तार्किक क्षमता एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रारंभिक तैयारी को मजबूत करना रहा।परीक्षा परिणाम घोषित होने पर जूनियर एवं सीनियर वर्ग में शीर्ष 10-10 विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। जूनियर वर्ग में दीक्षा ने गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि इशिका और रोनित को सिल्वर मेडल प्रदान किए गए।

वहीं काम्या, सचिन, राशि, मन्नू, कीर्ति, दिव्यांशु, आरोही और लक्ष्य को ब्रॉन्ज मेडल से सम्मानित किया गया।सीनियर वर्ग में अश्वनी ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया। प्रियांशी और पारुल ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किए। इसके अतिरिक्त भावना, शिवा, सुविधा और मानवी को ब्रॉन्ज मेडल देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सर्व ग्रामीण हरियाणा बैंक के मैनेजर भूपेंद्र वर्मा तथा विद्यालय की निदेशक सावित्री यादव ने विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करती हैं।

प्रतियोगिता के संयोजक मास्टर कपिल वर्मा एवं सहयोगी राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने बताया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को निखारने के साथ उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!