भिवानी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सशक्तिकरण सप्ताह की शुरुआत

यशवीर सिंह नए भारत का उदय

किशोरियों ने खेल स्पर्धाओं में दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

भिवानी। खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्रालय भारत सरकार व माय युवा भारत केंद्र भिवानी से संबंधित सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृत सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय विवेकानंद हाई स्कूल के खेल स्पर्धा मैदान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला सशक्तिकरण सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, खेलों के प्रति रुचि विकसित करना तथा समाज में महिला सशक्तिकरण के संदेश को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में किशोरियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जिम बाधा दौड़, 50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर की दौड़, लॉन्ग जंप तथा हाई जंप जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल मैदान में प्रतिभागियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर भावना प्रथम, अंजना दूसरे स्थान पर, तीसरे स्थान पर कुंजन रही, ऊंची कूद में अंजली, लंबी कूद में निधि प्रथम रही, सारिका व रिया दूसरे स्थान पर, कुमकुम तीसरे स्थान पर रही। महिला सशक्तिकरण पेंटिंग में नव्या भारद्वाज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

स्लोगन में प्रथम रेणु दूसरे स्थान पर रही, कविता तीसरे स्थान पर रही है। हमारी संस्कृति हमारी परंपरा में लोक नृत्य में आरोही ने प्रथम, नव्या सोनी दूसरे, वंदना तीसरा स्थान प्राप्त किया। खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण विषय पर भाषण और निबंध प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें किशोरियों ने शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अधिकारों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने बताया कि आज के समय में महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशक सावित्री यादव ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता समाज की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के संयोजक राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज रहे। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक दिन का विषय नहीं बल्कि समाज की निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और संवाद आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!