राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

महिलाएं आज हर क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं : डॉ. संजय कौशिक, कुलगुरु

गुरुग्राम। गुरुग्राम यूनिवर्सिटी के छात्र कल्याण विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में ‘नारी सम्मान दिवस’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर खेल, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ.संजय कौशिक ने की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ शोभा विजेंदर, संस्थापक और अध्यक्ष, संपूर्णा एनजीओ उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय पैरा शूटर माधवी हंस ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम में विशेष आमंत्रित के रूप में डॉ. कुसुम मलिक, संस्थापक,ज़ीरो ड्रौपआउट मिशन तथा कॉमनवेल्थ जूडो चैंपियन सुचिका हुडा भी मौजूद रहीं।

इस मौके पर कार्यक्रम की संयोजिका वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ. अमरजीत कौर ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए माधवी हंस, डॉ. शोभा विजेंदर, डॉ. कुसुम मलिक और सुचिका हुडा को “ग्रेट वीमेन अचीवर्स अवार्ड” से सम्मानित किया गया। इस सम्मान के माध्यम से उनके प्रेरणादायक कार्यों और उपलब्धियों को सराहा गया।

इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. संजय कौशिक ने कहा कि समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका निरंतर सशक्त हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में महिलाएं नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। विश्वविद्यालय ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्य अतिथि डॉ. शोभा विजेंदर ने अपने संबोधन में कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं बल्कि समाज के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं को महिलाओं के सम्मान और समान अवसरों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं और गणमान्य अतिथि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सभी ने महिला सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय पैरा शूटर माधवी हंस ने अपने व्यक्तिगत जीवन का उदाहरण देते हुए प्रेरणादायक वक्तव्य दिया उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां हमें कमजोर नहीं बल्कि और अधिक मजबूत बनाती हैं। कार्यक्रम की सह-संयोजिका डॉ. रेनू चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया ।
