राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

आरोपियों से एक देशी पिस्तौल व तीन जिंदा कारतूस बरामद।
भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिले में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 12 मार्च 2026 की रात को सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के इंचार्ज उप निरीक्षक विशेष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तोशाम बाईपास क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मुंह ढककर तोशाम बाईपास के पास खड़े हैं और उनके पास अवैध हथियार हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेजी से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो मोटरसाइकिल चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे लगी ग्रिल से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक देशी पिस्तौल व तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। हादसे में घायल होने के कारण दोनों आरोपियों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भिवानी में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जॉनी उर्फ संजू पुत्र मंगल सिंह निवासी गांव डोहकी जिला चरखी दादरी तथा अंकित उर्फ भुंडा पुत्र जयबीर निवासी गांव डोहकी जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी जॉनी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस तथा आरोपी अंकित से दो कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर भिवानी में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जॉनी के खिलाफ चोरी, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम और लड़ाई-झगड़े सहित करीब 25 मामले भिवानी, हांसी, हिसार, रोहतक, चरखी दादरी और राजस्थान में दर्ज हैं। वहीं आरोपी अंकित के खिलाफ जिला दादरी में हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज है। दोनों आरोपी फिलहाल जमानत पर चल रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि 28 फरवरी 2026 की रात को थाना तोशाम क्षेत्र के गांव ढाणी माहू में घर में घुसकर पिस्तौल के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस द्वारा आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि जिले में आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रबंधकों और अपराध इकाई प्रभारियों को ऐसे अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
