राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने ट्रेन के माध्यम से गांजा लेकर आ रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से 4 किलो 706 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 मार्च को सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के एएसआई कृष्ण कुमार अपनी टीम के साथ भगत सिंह चौक भिवानी पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सिटी रेलवे स्टेशन से ट्रेन के माध्यम से आएगा, जो अपने साथ बेचने के लिए गांजा लेकर आ रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राजीव कॉलोनी चौक भिवानी के पास घेराबंदी की और बताए गए व्यक्ति को काबू कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान भीम पुत्र हरिहर, निवासी मालीपुर टारा जिला बेगूसराय (बिहार), हाल निवासी बैंक कॉलोनी भिवानी के रूप में हुई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4 किलो 706 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन भिवानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन तथा इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी।
