राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा आम नागरिकों के साथ होने वाली धोखाधड़ी की वारदातों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू की टीम ने एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी से पैसे निकालने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
इस संबंध में शिकायतकर्ता साहिल निवासी बडदू चैना ने थाना लोहारू पुलिस को शिकायत दी थी कि वह लोहारू स्थित एसबीआई के एटीएम में पैसे निकालने गया था। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने मदद करने के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में आरोपियों ने उसके बैंक खाते से अलग-अलग समय पर करीब 29 हजार रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए। शिकायत के आधार पर थाना लोहारू में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।मामले की जांच करते हुए 12 मार्च को डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू के मुख्य सिपाही प्रमोद कुमार की टीम ने बस अड्डा ढिगावा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीण पुत्र सतपाल निवासी गांव कानोह, हाल निवासी वार्ड नंबर-14 बरवाला के रूप में हुई थी।पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की गई तथा उसके कब्जे से 4,500 रुपये बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रवीण के खिलाफ पहले से ही दिल्ली, बरवाला, सालासर और भिवानी में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उसे जिला कारागार भेज दिया गया। वहीं इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी सत्यवान को गिरफ्तार कर चुकी है।
