हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी कर्मचारी पक्के नहीं, 20 मई को होगा बिजली मंत्री के आवास का घेराव

Virender Singh (Mintu)


कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने से बचने के लिए सरकार ने किया कौशल रोजगार निगम का गठन : रविंद्र यादव
भिवानी। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन की शहरी यूनिट की बैठक बुधवार को सब ऑर्डिनेट रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। शहरी प्रधान रविंद्र यादव की अध्यक्षता व राजेश दुल्हेड़ी के संचालन में हुई इस बैठक में सरकार द्वारा कच्चे कर्मचारियों को पक्का न करने की नीति के खिलाफ कड़ा रोष व्यक्त किया गया और आगामी बड़े आंदोलन की घोषणा की गई। बैठक में राज्य ऑडिटर धर्मवीर सिंह भाटी, राज्य सचिव लोकेश कुमार, राज्य कमेटी से चांदराम, सर्कल सचिव अशोक गोयत, विशेष रूप से मौजूद रहे।

यूनियन के नेताओं ने बताया कि माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने 31 दिसंबर 2025 को एक आदेश जारी कर सरकार को सभी प्रकार के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के निर्देश दिए थे। लेकिन, सरकार ने इस पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इसी के विरोध में पूरे हरियाणा की सभी यूनिटों पर विरोध प्रदर्शन और बैठकें आयोजित किए गए। इस मौके पर शहरी यूनिट प्रधान रविंद्र यादव ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने से बचने के लिए कौशल रोजगार निगम का गठन किया है। इस निगम का न तो कोई स्थाई कार्यालय है और न ही किसी अधिकारी का पता है। कर्मचारी अपनी शिकायतें लेकर किसके पास जाएं।

आए दिन कार्यस्थल पर एक्सीडेंट हो रहे हैं, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। इस दौरान यूनियन ने मांग की है कि इस कौशल रोजगार निगम को तुरंत भंग किया जाए और सभी कच्चे कर्मचारियों को सीधे विभाग के रोल पर लिया जाए, ताकि विभाग का कार्य सुचारू और सुरक्षित ढंग से हो सके। सिवानी सब-यूनिट के कोषाध्यक्ष सतीश कुमार पुनिया ने आगामी रणनीति साझा करते हुए बताया कि यूनियन की राज्य कमेटी ने एक विशेष प्रोफार्मा तैयार किया है। इस प्रोफार्मा को लेकर फील्ड में जाकर तमाम कच्चे कर्मचारियों से हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। यह हस्ताक्षर अभियान एक बड़े जन-आंदोलन का रूप लेगा। यूनियन ने साफ कर दिया है कि इन हस्ताक्षरों को लेकर 20 मई को प्रदेश के बिजली मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा और उन्हें अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस अवसर पर प्रवक्ता अभिषेक शर्मा, रामलाल, कमल सिंह, नरेंद्र बामला, अमित कुमार, धीरज, गोपाल, अनिल कुमार, सतीश तंवर, अशोक साहनी, रामनिवास फौजी, बिजेंद्र, राजू, छोटूराम, सुखबीर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!