प्रशासनिक अनुभव और निष्ठा का सम्मान : शुकदेव मुनि बने शेखावटी ब्रह्मचार्याश्रम के प्रशासक

शुकदेव मुनि के नेतृत्व में संस्था के प्रबंधन में आएगी पारदर्शिता : राजबीर शर्मा धारेडू
भिवानी। भिवानी जिला प्रशासन ने एक बड़ा निर्णय लेते हुए पूर्व रोजगार अधिकारी शुकदेव मुनि को श्रीहरियाणा शेखावटी ब्रह्मचार्याश्रम का प्रशासक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद बुधवार को ब्राह्मण समाज और स्थानीय गणमान्य लोगों में हर्ष का माहौल देखा गया। नवनियुक्त प्रशासक शुकदेव मुनि के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने सलाह के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राजबीर शर्मा धारेडू के नेतृत्व में उनसे मुलाकात की। इस दौरान पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया गया। समाज के लोगों ने एक स्वर में प्रशासन के इस फैसले का स्वागत करते हुए शुकदेव मुनि की कार्यप्रणाली पर पूर्ण विश्वास जताया। इस दौरान राजबीर शर्मा धारेडू ने कहा कि शुकदेव मुनि का कार्यकाल हमेशा से ही ईमानदारी और कर्मठता का प्रतीक रहा है। उन्होंने सरकारी सेवा में रहते हुए जिस प्रकार समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं के रोजगार के लिए कार्य किया, वह सराहनीय है। हमें पूरा विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व और प्रशासनिक अनुभव का लाभ श्रीहरियाणा शेखावटी ब्रह्मचार्याश्रम को मिलेगा। उनके आने से संस्था के प्रबंधन में पारदर्शिता आएगी और इसके गौरवमयी इतिहास को और मजबूती मिलेगी। पूरा ब्राह्मण समाज उनके हर सकारात्मक निर्णय के साथ मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने कहा कि शुकदेव मुनि की इस नियुक्ति के पीछे उनका बेदाग और उपलब्धियों भरा करियर मुख्य आधार रहा है। उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए कुल 33 वर्षों तक सरकारी सेवा की। सेवाकाल के अंतिम चरण में उन्होंने रोजगार अधिकारी के पद पर कार्य किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के कौशल विकास और उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासन ने उनके इसी अनुकरणीय ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण संस्थान की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि समाज को उम्मीद है कि शुकदेव मुनि की नियुक्ति के बाद यहां चल रही शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा। इस अवसर पर सीडी भारद्वाज, अरूण शर्मा खरकड़ी, देवेंद्र अत्री मिताथल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!