राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

डीसी साहिल गुप्ता ने अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
भिवानी। स्थानीय पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता डीसी साहिल गुप्ता ने की। बैठक में कुल 14 परिवाद रखे गए, इनमें छह परिवाद पुराने और आठ नए परिवाद रखे गए। डीसी ने सभी परिवादों की सुनवाई की और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि आमजन की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान हो सके। इसके साथ-साथ उन्होंने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि वे पेयजल और सीवरेज से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान करें ताकि नागरिकों को परेशानी का सामना ना करना पड़े। समस्याओं के समाधान में अनावश्यक रूप से देरी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में रखे गए परिवादों की सुनवाई के दौरान डीसी ने स्थानीय सैशन कॉलोनी सुभाष पुत्र कुंदन लाल के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभाग को एक महीने का समय दिया और कहा कि इस मामले में किसी प्रकार की ढिलाई ना बरती जाए। वहीं झुप्पा खुर्द निवासी सुनीता ने कहा कि वे पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से संतुष्ट हैं और आगे किसी प्रकार की जांच नहीं चाहती। कीर्ति नगर भिवानी से संदीप कौशिक पुत्र राजेंद्र कौशिक ने अभी तक पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई पर आभार जताया वहीं मामले में कार्रवाई को जल्द से जल्द से पूरा करने की मांग की, जिस पर डीसी ने पुलिस विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसी प्रकार से स्थानीय फैंसी चौक निवासी धर्म सिंह के मामले में डीसी गुप्ता ने पुलिस को पीजीआई से एक सप्ताह में रिपोर्ट मंगवाने के निर्देश दिए ताकि चिकित्सकों की लापरवाही से हुई महिला के मौत के मामले में उचित कार्रवाई हो सके। बवानी खेड़ा से चिरंजी लाल पुत्र वजीर चंद के बिजली निगम द्वारा अवैध रूप से बिजली जुर्माना राशि लेने के मामले में डीसी ने एसडीएम महेश कुमार को जांच सौंपी। खानक से युवा एकता संगठन व समस्त ग्रामवासियों की सुनवाई करते हुए डीसी ने प्रदुषण फैलाने वाली कंपनियों पर प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड को नियमों के अनुरूप जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

डीसी ने स्थानीय हनुमान गेट निवासी संतोष पत्नी विनोद कुमार के लडक़े की मौत के मामले में एसडीएम, डीएसपी और सिविल सर्जन के अलावा कष्ट निवारण समिति के दो गैर सरकारी सदस्यों को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए ताकि पीडि़त के साथ न्याय हो सके। पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के संयोजक केके वर्मा के महम रोड़ पर पौधों लगाने के मामले में डीसी ने एडीसी को जांच के आदेश दिए और इसके साथ ही जिला वन अधिकारी को इस सडक़ मार्ग पर मानसून के दौरान पर्याप्त संख्या में पौधे लगाने के निर्देश दिए। ढ़ाणा रोड़ भिवानी से भगवानदास कालिया व उसके साथ पहुंची महिलाओं के सीवरेज व नाले की सफाई से संबंधित मामले में डीसी ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि वे शहर में जहां-जहां भी सीवरेज जाम या नाले अवरूद्घ होने की शिकायत मिलती है,उनको तुरंत प्रभाव से दुरूस्त करवाया जाए।

वहीं विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर में सीवरेज लाईन की सफाई के लिए टेंडर लगाए गए हैं। शिकायत मिलने वाली जगहों पर सफाई करवाई भी जा रही है।महम रोड़ भिवानी से समस्त चौखानी इस्टेट निवासियों की अवैध रूप से ट्यूबवेल की शिकायत पर डीसी ने एसडीएम को जांच करने व नियमानुसार उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। गांव देवसर निवासी सतबीर सिंह की घर से उपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाईन हटवाने के मामले में डीसी डीसी ने बिजली निगम को स्पेशल केस बनवाकर मुख्यालय भिजवाने के निर्देश दिए ताकि बिजली तारों की वजह से कोई हादसा ना हो। इसी प्रकार से स्थानीय सेक्टर-13 निवासियों के मामले में डीसी ने गली के पुनर्निमाण के निर्देश दिए ताकि यहां पर जलभराव की समस्या ना बने।

प्रीत विहार कॉलोनी निवासियों की गली के बीच बिजली पोल से संबंधित शिकायत पर डीसी ने बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता और ट्रेफिक एसएचओ को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए और कहा कि यदि पोल के कारण आवागमन बाधित होता है तो उनको उचित जगह पर शिफ्ट किया जाए। शांति नगर निवासी राजीव ने बताया कि उनकी पीआईडी को दुरूस्त कर दिया है और वे नगर परिषद की कार्रवाई से संतुष्टï हैं। उन्होंने नगर परिषद प्रशासन का भी जताया। जिला कष्ट निवारण समिति में पहुंची स्थानीय विद्या नगर निवासी महिलाओं द्वारा रखी गई एक मंदिर में बहुत तेज आवाज में लाऊडस्पीकर बजाने व गली के बीच अतिक्रमण की शिकायत पर डीसी ने उसी समय एसडीएम महेश कुमार को निर्देश दिए कि तुरंत प्रभाव से तहसीलदार, नगर परिषद से ईओ तथा संबंधित थाना प्रभारी को मौके पर भेजा जाए तथा मामले में तुरंत प्रभाव से कड़ी कार्रवाई की जाए।
