जिला में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है: डीसी

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

डीसी ने जिला में नागरिकों से किया पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस स्टॉक न करने का आह्वान

भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस की सुचारू रूप से आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीसी ने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल व एलपीजी उपलब्ध है। उन्होंने नागरिकों से भी आह्वान करते हुए कहा कि वे जरूरत के अनुरूप ही पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस लें, इनका स्टॉक ना करें।

इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जाए। अगर कोई इसका व्यावसायिक उपयोग करते हैं तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। गैस एजेंसियों पर घरेलू एलपीजी मांग के अनुसार पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए। डीसी ने डीएफएसई अपार तिवारी से जिले में गैस एजेंसी व पेट्रोल पंपों पर गैस व पेट्रोल की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि राशन डिपो व लेबर केंटीन पर खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखें। घरेलू गैस व पेट्रोल-डीजल की किसी भी कीमत पर कालाबाजारी या जमाखोरी न हो। इसके लिए छापेमारी की जाए। नागरिकों को नियमानुसार सुचारू रूप से घेरलू गैस व पेट्रोल-डीजल मिलना चाहिए ताकि दिनचर्या प्रभावित ना हो।

डीसी ने संबंधित विभाग को लेबर कॉलोनियों में स्थित कैंटीनों में समय पर गैस व राशन आदि उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा खाद्यान्न या पेट्रोल-डीजल के अवैध भंडारण पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि फसल खरीद के दौरान मंडियों में भी सभी जरूरी व्यवस्थाएं हो ताकि किसानों को फसल बेचने में परेशानी न हो।

डीसी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि उपमंडल स्तर पर भी एक-एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। प्रत्येक कंट्रोल रूम के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए, जिस पर आमजन अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का सही तरीके से समाधान किया जाए तथा उनका दैनिक आधार पर रिकॉर्ड भी रखा जाए। इसके अलावा कितनी शिकायतें प्राप्त हुईं और कितनों का समाधान किया गया उसका का रिकार्ड रखा जाए।उन्होंने संबंधित विभाग को नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए बायोगैस (सीएनजी/बीएनजी) को अधिक से अधिक प्रमोट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीएनजी से संबंधित माइल कनेक्टिविटी या अप्रुवल से जुड़े किसी भी प्रकार के लंबित मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि बायोगैस प्लांट पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हो सकें।

नागरिक हरसंभव पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करें

डीसी ने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि भले ही फिलहाल डीजल, पेट्रोल का कोई संकट नहीं है, लेकिन फिर भी नागरिक जहां तक संभव हो सरकारी/प्राइवेट बस या रेल सेवा यानि पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करें। इससे तेल और पैसे दोनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि जिले में पर्याप्त संख्या में रोडवेज बस सेवा उपलब्ध है और सभी बसें सुचारू रूप से चल रही हैं।

बैठक में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, सीटीएम अनिल कुमार तथा एसडीएम भिवानी महेश कुमार, लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल, सिवानी एसडीएम विजया मलिक, नवनियुक्त डीएमसी हरबीर सिंह, जनस्वास्थ्य विभाग के एसई सुनील रंगा, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीईओ निर्मल दहिया, बिजली निगम कार्यकारी अभियंता संजय रंगा, पंचायती राज कार्यकारी अभियंता वैभव जैन, नप ईओ राजा राम, मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता अजय राठी, रैडक्रॉस सचिव प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!