यशवीर सिंह नए भारत का उदय

केबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने व्यवस्थाओं की बेहतरी के लिए दिए जरूरी निर्देश
तोशाम/ भिवानी। स्थानीय चौ. सुरेंद्र सिंह खेल परिसर में 31 मार्च से एक अप्रैल तक आयोजित होने वाले उन्नत सिंचाई उत्सव कार्यक्रम को लेकर सिंचाई महिला एवं बाल विकास तथा जल संसाधन मंत्री चौधरी ने डीसी साहिल गुप्ता व अन्य अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यहां पर की गई सभी व्यवस्थाओं के बारे में बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कार्यक्रम के दौरान करोंड़ों के विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। सूक्ष्म सिंचाई पर आधारित यह कार्यक्रम किसानों को पानी की बचत के प्रति जागरूक करेेगा। इससे किसान कम पानी में भी अधिक पैदावार ले सकेंगे। यह कार्यक्रम किसानों की खुशहाली के नए द्वार खोलेगा।

केबिनेट मंत्री चौधरी ने हेलीपैड सहित कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने समारोह स्थल पर मुख्यमंत्री के मंच व लोगों के बैठने के लिए जगह का बारीकी से अवलोकन किया। कार्यक्रम स्थल बैरिकेटिंग, आमजन के आवागमन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में पहुंचने के लिए अलग-अलग मार्गों के माध्यम से आने वाले लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी पुख्ता प्रबंध करें। महिलाओं के लिए बैठने के लिए अलग से सेक्टर बनाएं जाएं। उन्होंने कहा कि उन्नत सिंचाई उत्सव कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग शामिल होंगे, जिसमें महिलाओं की बहुत बड़ी भागीदारी होगी।
वहीं दूसरी ओर डीसी साहिल गुप्ता और पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने भी सभी अधिकारियों के साथ अब तक की गई तैयारियों को बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मुख्य मंच, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग व्यवस्था, स्टेज, मीडिया गैलरी आदि को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एडीसी बाबूलाल करवा, डीएमसी हरबीर सिंह, बीजेपी के संयोजक एडवोकेट हरि सिंह सांगवान, एसडीएम तोशाम संदीप कुमार, एसडीएम लोहारू मनोज दलाल, एसडीएम सिवानी विजया मालिक, सीटीएम अनिल कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीएसपी दलीप सिंह, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, बीडीपीओ अमित कुमार, एसएचओ महाबीर सिंह, एसईपीओ अजय कुमार, दिलबाग नीमड़ी, सरपंच राजेश कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री तोशाम में करेंगे 107 करोड़ 79 लाख रूपए से अधिक की राशि की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 31 मार्च को उन्नत सिंचाई उत्सव कार्यक्रम के दौरान 10760.79 लाख रूपए से अधिक राशि की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इनमें 1398.53 लाख रूपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व 9362.9 लाख रूपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री सैनी लगभग 712.54 लाख रूपए की लागात से तैयार 33 केवी सब स्टेशन बिडोला व लगभग 685.99 लाख रूपए की लागत से तैयार ढिगावा जाटान के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के भवन का उद्घाटन करेंगे।
इसी प्रकार से लगभग 811.61 लाख रूपए से लोहारू के 33 केवी सब स्टेशन, 319.49 लाख रूपए से ईशरवाल में 33 केवी सब स्टेशन द्वितीय व लगभग 607.26 लाख रूपए से भाखड़ा के 33 केवी सब स्टेशन की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री लगभग 7623.9 लाख रूपए की लागत से गांव गरवा में खारे पानी से प्रभावित क्षेत्र में मच्छली पालन हेतू एक्वा पार्क का शिलान्यास किया जाएगा।
