राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

आदर्श महिला महाविद्यालय में पीटीएम का आयोजन
भिवानी। आदर्श महिला महाविद्यालय में आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) ने इस बार एक नई सोच और व्यापक दृष्टिकोण के साथ सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्राचार्या डाॅ. अलका मित्तल के मार्गदर्शन में आयोजित इस पीटीएम में बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता देखने को मिली। बैठक के दौरान केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों के समग्र विकास पर गहन चर्चा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों को प्रत्येक छात्रा की शैक्षणिक प्रगति, उसकी रुचियों, क्षमताओं और सुधार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। साथ ही, बदलते समय की मांग के अनुरूप विभिन्न कैरियर विकल्पों और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी उपयोगी मार्गदर्शन दिया गया।

पीटीएम में विशेष रूप से छात्राओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, व्यवहार, अनुशासन, भावनात्मक संतुलन को लेकर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया ताकि छात्राएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।पीटीएम के सफल आयोजन को लेकर प्राचार्या डाॅ. अलका मित्तल ने सभी शिक्षण स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि पीटीएम केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। शिक्षकों और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास से ही छात्राओं का व्यक्तित्व निखरता है और वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं।

कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने महाविद्यालय की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे उन्हें बच्चों की प्रगति की सही जानकारी मिली है, जिससे वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।
