राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
⏩ धूमधाम से मनाया एमडी पब्लिक स्कूल बैंक कालोनी का वार्षिकोत्सव
भिवानी। बैंक कालोनी स्थित एमडी पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान जहां प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया, वहीं विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय के मुख्याध्यापक रमेश कुमार ने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों को बधाई दी। मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।

इस अवसर पर सभी बच्चों को अभिभावकों को बधाई देते हुए मुख्याध्यापक रमेश कुमार ने कहा कि आज हमारे विद्यालय के वार्षिक समारोह का दिन है, जो हमारे लिए किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। यह वह अवसर है जब हम अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं। बीता हुआ वर्ष हमारे लिए सीखने, आगे बढऩे और टीम वर्क के महत्व को समझने का वर्ष रहा है। हमारे शिक्षकों ने न केवल बच्चों को किताबी ज्ञान दिया, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना भी जागृत की।
उन्होंने शिक्षकों को उनके समर्पण के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि माता-पिता का सहयोग हमारे लिए सबसे बड़ी ताकत है। यह वार्षिक समारोह हमें यह याद दिलाता है कि सपने रातों-रात पूरे नहीं होते, बल्कि धैर्य और कड़ी मेहनत से साकार होते हैं।
मुख्याध्यापक रमेश कुमार ने कहा कि वार्षिकोत्सव में बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम यहां के जीवंत और गतिशील शिक्षण वातावरण का प्रमाण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यालय में बिताए अपने समय का सदुपयोग करें और विकास के हर अवसर का लाभ उठाएं। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मन मोह लिया। आकर्षक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
