साईबर क्राईम पुलिस ने रुपए दुगने करने के नाम पर साढ़े चार लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में दूसरे आरोपी को किया गिरफ्तार

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा साइबर धोखाधड़ी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना साइबर क्राइम भिवानी पुलिस टीम ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर रुपए दुगने करने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

इस संबंध में शिकायतकर्ता नरेश निवासी फरटिया ने थाना साइबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि पिछले वर्ष 12 सितम्बर को उसके मोबाइल नंबर पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फोन किया गया, जिन्होंने “क्विक प्रॉफिट रेडी टू चेंज यूअर लाइफ ” नामक कंपनी में निवेश करने पर कुछ ही घंटों में पैसे दुगने करने का लालच दिया। आरोपियों द्वारा बार-बार संपर्क कर उसे विश्वास में लेकर साढ़े चार लाख रुपए की राशि निवेश करवाई गई। इसके बाद आरोपी लगातार और पैसे की मांग करने लगे, जिस पर उसे धोखाधड़ी का संदेह हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दी।

शिकायत पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम के जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू पुत्र विक्रम निवासी टिब्बा बस्ती, आदमपुर (हिसार) के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अन्य साथियों को धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देने के लिए अपने नाम पर सिम उपलब्ध करवाई थी, जिसके बदले में उसे एक हजार रुपए प्राप्त हुए थे। इस मामले में एक आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

जिला पुलिस भिवानी आमजन से अपील करती है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश न करें तथा इस प्रकार के कॉल/मैसेज से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!