राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय
निजी बसों में बुजर्गो के साथ किए जाने वाला दुव्र्यवहार है काफी चिंताजनक : जिला प्रधान नरेश शर्मा
भिवानी। हरियाणा में निजी बस संचालकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी नियमों के अनुसार किराए में छूट न देने और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का मामला अब गरमा गया है। वीरवार को रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला पदाधिकारियों ने राज्य प्रधान मास्टर वजीर सिंह के नेतृत्व में समाधान शिविर के दौरान उपायुक्त से मुलाकात की और इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। इस दौरान रिटायर्ड कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने उपायुक्त को परिवहन आयुक्त द्वारा जारी वह आधिकारिक पत्र सौंपा, जिसमें स्पष्ट निर्देश हैं कि निजी बसों में भी वरिष्ठ नागरिकों को रियायती किराए की सुविधा मिलनी चाहिए।

संघ ने आरोप लगाया कि आदेशों के बावजूद निजी बस संचालक न केवल पूरा किराया वसूल रहे हैं, बल्कि विरोध करने पर बुजुर्गों के साथ अपमानजनक व्यवहार करते हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तुरंत जिला परिवहन अधिकारी को अपने कार्यालय में तलब किया तथा निर्देश दिए कि निजी बसों में सरकार द्वारा जारी सभी हिदायतें और रियायतें सख्ती से लागू की जाएं, वरिष्ठ नागरिकों को किसी भी सूरत में तंग न किया जाए, अन्य आरक्षित श्रेणियों को भी सरकार द्वारा निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान नरेश शर्मा और जिला सचिव राजबीर कादयान ने बताया कि निजी बसों में स्थिति काफी चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि निजी बस संचालक बुजुर्गों को बस से नीचे उतारने की धमकी देते हैं। बसों में तेज आवाज में अश्लील और अभद्र गाने बजाए जाते हैं, जिससे यात्रा करना दूभर हो जाता है। इसके अलावा, चालक और परिचालक ड्रेस कोड का भी पालन नहीं करते। उन्होंने बताया कि उपायुक्त के आदेश के बाद सहायक जिला परिवहन अधिकारी और परिवहन निरीक्षक ने संघ के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि आज ही सभी निजी बस संचालकों की आपात बैठक बुलाई जाएगी। उन्हें साफ तौर पर चेतावनी दी जाएगी कि यदि भविष्य में किसी भी बस की शिकायत मिली, तो उसके खिलाफ भारी जुर्माना और परमिट रद करने जैसी सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर राज्य प्रधान एवं राष्ट्रीय महासचिव मास्टर वजीर सिंह, राज्य महासचिव रतन कुमार जिंदल, जिला प्रधान नरेश शर्मा, जिला सचिव राजबीर कादयान, जिला उप प्रधान रामचंद्र सैनी, ब्लॉक भिवानी के वरिष्ठ उप प्रधान महेंद्र सिंह तंवर और उपप्रधान बलवान दरोगा सहित कई अन्य पदाधिकारी भी साथ रहे।
