राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
युवाओं को नशा मुक्त और संस्कारवान बनाने की जरूरत : अभिमन्यु सिंह
भिवानी।भारत निर्माण युवा दल के संस्थापक अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के ओएसडी रहे अभिमन्यु सिंह ने गांव जुई में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत कर युवाओं को नशा मुक्ति और संस्कारवान बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है, जिसमें गांव की संस्कृति, भाईचारा, परंपरा, व्यक्ति निर्माण और नागरिकों के नैतिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि वे अब तक करीब 85 स्कूलों में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति और व्यक्तित्व निर्माण के लिए प्रेरित कर चुके हैं, वहीं 30 गांवों में जनसभाओं और खेल मैदानों के माध्यम से भी जागरूकता फैला चुके हैं।

अभिमन्यु सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में परिवार को ही पहली पाठशाला बनाना जरूरी है। माता-पिता बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करें और उन्हें व्यवहारिक ज्ञान दें। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने और परिवार के साथ समय बिताने पर जोर दिया।उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे रोज सुबह अपना लक्ष्य तय करें, योग और प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करें तथा फास्ट फूड से दूरी बनाकर संतुलित आहार अपनाएं। साथ ही धार्मिक ग्रंथों और प्रेरणादायक पुस्तकों के अध्ययन को भी जरूरी बताया।
उन्होंने कहा कि समाज में तेजी से फैल रहे नशे को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। बुजुर्गों को चाहिए कि वे बच्चों को गांव का इतिहास, परंपरा और संस्कारों से जोड़ें तथा नशा न करने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में बीडीसी रमेश लालावास, मंडल अध्यक्ष सतीश वर्मा, डा. लखविंद्र, पंकज जिला अध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा चरखी दादरी, अरुण लालावास, सुरेश शास्त्री, सतबीर यादव, संदीप तंवर, बाबूलाल आर्य, राजेश लांबा, रमेश सरपंच, केशर पंडित, सत्यनारायण, बाबूलाल सोनी, धर्मपाल देवराला, लाला प्रधान जिला पार्षद, राजकुमार, सतबीर सहित अनेक व्यक्ति उपस्थित रहे।
