राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय
भिवानी। वस्त्र एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी संस्थान (टीआईटी भिवानी) में वार्षिक उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। पूरे दिन संस्थान परिसर में उत्साह, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा को उजागर किया। प्रबंधकीय कौशल से संबंधित प्रतियोगिताओं में विज्ञापन प्रस्तुति, सृजनात्मक प्रस्तुतीकरण चुनौती, विज़न प्रस्तुति तथा विचार-सृजन-विज्ञापन जैसी गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रबंधन क्षमता और नवाचार कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ऐड मैड शो में टी आई टी कॉलेज प्रथम, वेश मॉडल स्कूल द्वितीय तथा टी आई टी स्कूल तृतीय स्थान पर रहे। क्रिएटिव पीपीटी चैलेंज में वैश्य मॉडल स्कूल प्रथम, टी आई तो कॉलेज द्वितीय और सीताराम शास्त्री स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। थिंक क्रिएट एंड एडवर्टाइजमेंट वैश्य मॉडल स्कूल से वैभव और अनिरुद्ध प्रथम, टी आई टी कॉलेज से कृति द्वितीय स्थान पर रही। विज़न पिच में टी आई टी स्कूल प्रथम, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक द्वितीय और टी आई टी स्कूल क्रमशः तृतीय स्थान पर रहे।

तकनीकी प्रतियोगिताओं में वस्त्र नवाचार हैकाथॉन, लघु वीडियो प्रस्तुति, भविष्य उन्मुख विचार, तकनीकी खोज संकेत तथा स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता ने तकनीकी दक्षता और रचनात्मकता का प्रभावशाली परिचय दिया। टेक क्वेस्ट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान यशस्वी सरदाना और दिशा के नाम रहा। द्वितीय स्थान पर सिमरन और पलक तथा तृतीय स्थान पर पीयूष और हेमन रहे।
साहित्यिक गतिविधियों के अंतर्गत हिंदी एवं अंग्रेजी काव्य प्रतियोगिता, पोस्टर के माध्यम से अभिव्यक्ति, निबंध लेखन तथा सामाजिक नवाचार प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों के विचारों और अभिव्यक्ति को सशक्त मंच प्रदान किया। फ्यूचर माइंड्स डिबेट में आदर्श कॉलेज से यशिका और पूर्णिमा प्रथम स्थान, टी आई टी कॉलेज से स्नेहा और खुशबू द्वितीय तथा टी आई टी कॉलेज से नीतीश और छबि बाला तृतीय स्थान पर रहे। इंक योर थॉट्स विथ एसे प्रतिस्पर्धा में वैश्य मॉडल प्रथम, टी आई तो स्कूल द्वितीय और के एम कॉलेज ने तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।
स्पीक थ्रू पोस्टर में देवब्रत प्रथम और खुशी द्वितीय रहीं। अंग्रेजी काव्य पाठ में आदर्श महिला महाविद्यालय से प्रिशा प्रथम, के एक कॉलेज से मोनिका द्वितीय और गवर्मेंट पॉलिटेक्निक से बादशाह तृतीय स्थान पर रहे। हिंदी काव्य पाठ में आदर्श महिला महाविद्यालय प्रथम और टी आई टी द्वितीय स्थान के साथ रहे।सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पश्चिमी समूह नृत्य, लोक नृत्य तथा एकल अभिनय प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे परिसर को सांस्कृतिक रंगों और छटा से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा आयोजित भोजन उत्सव रहा, जिसमें विभिन्न प्रकार के पारंपरिक एवं आधुनिक व्यंजनों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। इस उत्सव में स्थानीय स्वाद, नवाचारपूर्ण खाद्य प्रस्तुतियाँ तथा विद्यार्थियों की उद्यमशीलता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। आगंतुकों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेते हुए विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि वरुण वैद्य ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि विशाल सोनी तथा विशेष अतिथि डॉ गीता देवी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संस्थान के 1970 बैच के पूर्व छात्र श्री सुभाष चंद्र को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
संस्थान की सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के अंतर्गत आयोजित निःशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य जांच शिविर में विभिन्न चिकित्सकों ने आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। बड़ी संख्या में लोगों ने इस शिविर का लाभ उठाया, जिससे संस्थान की समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। डॉ. राजीव गिरधर (हृदय रोग विशेषज्ञ), डॉ. साहिल मेहता (अस्थि रोग विशेषज्ञ), डॉ. साक्षी सिंगला (त्वचा रोग विशेषज्ञ), डॉ. कपिल शर्मा (दंत चिकित्सक), डॉ. धीर (नेत्र रोग विशेषज्ञ), डॉ. शुभम मेहता (कान, नाक एवं गला रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. राज मेहता (बाल रोग विशेषज्ञ) शिविर में उपस्थित रहे।
सांयकालीन कार्यक्रम में ओपन एयर थिएटर में भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं टीआईटी परिवार का मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डी आर डी ओ दिल्ली के निर्देशक डॉ देवकांत पहाड़ सिंह रहे।
कार्यक्रम के दौरान 50 से अधिक मेधावी छात्रों को परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा नियमित उपस्थिति के लए छात्रवृत्तियां प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चयनित विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ। संस्थान प्रशासन ने यह भी उल्लेख किया कि ऐसे सम्मान विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हैं। नियमित उपस्थिति रखने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सराहा गया, क्योंकि यह उनकी प्रतिबद्धता, समय पालन एवं अध्ययन के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। संस्थान द्वारा इस प्रकार की छात्रवृत्तियां प्रदान कर प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम के आरंभ में संस्थान के निदेशक प्रोफेसर बी के बेहेरा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा, “टीआईटी भिवानी सदैव शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। यह वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।
“मुख्य अतिथि वरूण वैद्य ने अपने संबोधन में कहा,“इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और नेतृत्व कौशल प्रदान करते हैं। टीआईटी भिवानी के विद्यार्थियों में अपार संभावनाएं हैं, जो उन्हें भविष्य में उद्योग जगत में विशिष्ट स्थान दिलाएंगी।” विशिष्ट अतिथि विशाल सोनी ने कहा,“ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं। संस्थान का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।” विशेष अतिथि डॉ गीता देवी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा,“विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियाँ अत्यंत आवश्यक हैं। यह मंच उन्हें अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर देता है।”
सांयकालीन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ देवकांत पहाड़ सिंह ने कहा,“आज के युग में अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता राष्ट्र निर्माण के प्रमुख आधार हैं। टीआईटी भिवानी जैसे संस्थान इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं और यहां के विद्यार्थी भविष्य के नवप्रवर्तन बनकर देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”समग्र रूप से यह वार्षिक उत्सव शिक्षा, कौशल, संस्कृति और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक प्रेरणादायी संगम सिद्ध हुआ, जिसने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित जनसमूह के मन में एक अमिट छाप छोड़ी। कार्यक्रम का समापन वार्षिकोत्सव 2026 की मुख्य संयोजिका डॉ अमनदीप कौर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर पूरा टी आई टी परिवार उपस्थित रहा।
