राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय
राजीव गांधी महिला कॉलेज में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर संवाद : छात्राओं को बताए गए भविष्य के सुनहरे अवसर
भिवानी। महिला सशक्तिकरण की दिशा में केंद्र सरकार के ऐतिहासिक कदम नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्थानीय राजीव गांधी महिला कॉलेज में एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्राओं को न केवल कानून की बारीकियों से अवगत कराया गया, बल्कि नुक्कड़ नाटकों और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से यह भी समझाया गया कि भविष्य में यह अधिनियम उनके करियर और राजनीति में भागीदारी को कैसे बदलेगा। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।

छात्राओं को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि देश की बेटियों के सामर्थ्य पर भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वह कर दिखाया है, जिसका दशकों से इंतजार था। इस अधिनियम के लागू होने से विधानसभाओं और संसद में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित होगी। अब नीतियां बनाने में आपकी आवाज और मजबूत होगी। भिवानी की बेटियां अब केवल शिक्षा और खेल में ही नहीं, बल्कि देश के विधायी ढांचे में भी नेतृत्व करेंगी। यह कानून आपके लिए राजनीति के बंद दरवाजे खोलने की चाबी है।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मीना परमार ने छात्राओं में जोश भरते हुए कहा कि आज की युवती कल की नीति निर्धारक है। उन्होंने कहा कि छात्राएं केवल मतदाता नहीं, बल्कि भविष्य की नेतृत्वकर्ता हैं। कॉलेज की ये छात्राएं आने वाले समय में सरपंच से लेकर सांसद तक की भूमिका में देश का गौरव बढ़ाएंगी। वक्ताओं ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम छात्राओं के लिए भविष्य के नए क्षितिज खोल रहा है। जब देश की बेटियों के पास कानून बनाने की शक्ति होगी, तो समाज की हर समस्या का समाधान अधिक संवेदनशीलता के साथ होग कार्यक्रम के दौरान कॉलेज की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए बहुत ही प्रभावी ढंग से दर्शाया कि कैसे राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिलने से महिलाओं के जीवन स्तर और सुरक्षा में सुधार आएगा।
जागरूकता सत्र में छात्राओं ने वक्ताओं से सीधे संवाद किया और इस अधिनियम के क्रियान्वयन को लेकर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य त्रिलोक चंद, युवा मोर्चा जिला महामंत्री धीरज शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष योगेश, जिला मीडिया सह प्रभारी नितिन भारद्वाज सहित कॉलेज स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ।
