दादरी गेट,ढाना रोड की समस्याओं का भी समाधान करे प्रशासन: सुरेश सैनी

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

ढाना रोड निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एवं सैनी विचार मंच के राष्ट्रीय संयोजक सुरेश सैनी ने समाधान शिविर में उपायुक्त महोदय के नाम एक शिकायत पत्र सौंपकर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा समस्याओं की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

सुरेश सैनी ने बताया कि ढाना रोड स्थित डिस्पोजल क्षेत्र में लगे हरे-भरे एवं फलदार पौधे आज गंभीर संकट से गुजर रहे हैं। डिस्पोजल से निकलने वाला गंदा पानी सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंच रहा है, जिससे पौधे लगातार खराब हो रहे हैं और पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर क्षेत्रवासी पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस प्रकार की लापरवाही से उनके प्रयासों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

उन्होंने आगे बताया कि डिस्पोजल पर लगी मोटरों के वाल्व लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिसके कारण पानी का सही प्रबंधन नहीं हो पा रहा है। एक मोटर पिछले लगभग चार महीनों से पानी के टैंक में पड़ी है, जो विभागीय लापरवाही को दर्शाती है। इस संबंध में 7 अप्रैल को भी संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी गई थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। सुरेश सैनी ने वार्ड 12 व 13 मे पानी की समस्या को लेकर उन्होंने कहा कि गर्मियों के दिनों में ढाना रोड क्षेत्र में पानी की भारी किल्लत हो जाती है। कई स्थानों पर लोगों को पीने के पानी के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है।

उन्होंने मांग की कि लक्ष्मी नगर बूस्टर पर ट्यूबवेल के माध्यम से पानी एकत्र कर नियमित रूप से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, जरूरत के अनुसार वार्ड में पानी के टैंकर भेजे जाएं, ताकि आमजन को राहत मिल सके और किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े। टैंकर भेजने के लिए कोई टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाए इसके अतिरिक्त, दादरी गेट ढाना रोड पर बरसाती नालों की सफाई में भी भारी लापरवाही सामने आई है।

सैनी ने बताया कि नालों की सफाई तो कर दी गई, लेकिन उनमें से निकाली गई गंदगी को सड़क पर ही छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और गंदगी फैल रही है। कई स्थानों पर बरसाती नाले खुले पड़े हैं, जो विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बने हुए हैं और कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।

सुरेश सैनी ने विशेष रूप से कहा कि वार्ड 12 व 13 के निवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन को तुरंत प्रभाव से समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं और अब उन्हें राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि ढाना रोड की इन सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और उनका जीवन सुचारू रूप से चल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!