धरती हमारा पहला घर है और इसकी रक्षा करना हमारा मौलिक कर्तव्य : सचिन जैन

राजेश बिष्ट / नए भारत का उदय 
पृथ्वी दिवस पर भिवानी में पर्यावरण संरक्षण की गूंज : हमारा अपना फाउंडेशन ने 100 के करीब रौपे पौधें


भिवानी। धरती के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ पर्यावरण का उपहार देने के संकल्प के साथ बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर भिवानी में विशेष पौधारोपण अभियान चलाया गया। हमारा अपना फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत पालुवास और भीम स्टेडियम क्षेत्र में करीबन 100 पौधे रोपित किए गए। अभियान की शुरुआत पालुवास स्थित राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला से हुई। यहां फाउंडेशन के संस्थापक और वर्धमान ज्वैलर्स के प्रबंध निदेशक सचिन जैन के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। फाउंडेशन ने स्कूल परिसर की सुंदरता और हरियाली बढ़ाने के लिए 50 छायादार व फलदार पौधे भेंट किए। इसके बाद विद्यालय की समन्वयक कविता की विशेष पहल पर कार्यक्रम का विस्तार भीम स्टेडियम तक पहुंचा।

यहां बास्केटबॉल कोर्ट के समीप 50 और पौधे रोपे गए, ताकि खिलाडिय़ों को भी भविष्य में शुद्ध हवा और शीतल छाया मिल सके। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सचिन जैन ने पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धरती हमारा पहला घर है और इसकी रक्षा करना हमारा मौलिक कर्तव्य है। आज हमने जो पौधे लगाए हैं, वे केवल वृक्ष नहीं बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए शुद्ध वायु और सुरक्षित भविष्य का वचन हैं। हमारा विशेष उद्देश्य बेटियों को प्रकृति से जोडऩा है, ताकि उनमें पौधों के साथ-साथ जिम्मेदारी और संस्कारों के भाव भी पल्लवित हों। इस पुनीत कार्य में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गजों ने शिरकत की।

कार्यक्रम में आर.पी. ओला, पंचायत विभाग के सेवानिवृत्त एस.डी.ओ. प्रवीण बजाज, डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ऑफिसर विद्यानंद यादव, मुनेश सांगवान क्रिकेट कोच, पूनम बामल कुश्ती कोच, राजेश वुशू कोच, नीरज वॉलीबॉल कोच, केशव जिंदल, देवेंद्र अत्रि और कोच रॉबिन जाखड़, नीरू, स्नेहलता, कविता दांगी, सुनीता, राकेश, राजेश, रिंकू बाई विशेष रूप से उपस्थित रहे। स्कूल के प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ ने भी इस मुहिम में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कार्यक्रम के समापन पर फाउंडेशन के सदस्यों और उपस्थित नागरिकों ने एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ भविष्य के नाम का नारा बुलंद किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!