राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
डीसी साहिल गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को गणना को लेकर दिए जरूरी निर्देश
भिवानी। जनगणना-2027 को लेकर डीसी साहिल गुप्ता ने स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य भारत सरकार के निर्देशानुसार सही ढंग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों के आधार पर ही सरकार द्वारा भविष्य की योजनाएं निर्धारित की जाएंगी। वहीं दूसरी ओर जनगणना में नियुक्त कर्मचारी जरूरी सामान की किट लेकर गणना कार्य में जुटे और घर-घर जाकर मकानों व जरूरी जानकारी लेनी शुरु की।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना करने का 30 अप्रैल को अंतिम दिन था। एक मई से घर-घर जाकर मकानों की सूचीकरण व मकानों की गणना कार्य शुरु हो गया है, जो 30 मई तक किया जाएगा। गणना में लगे कर्मचारी किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही ना बरतें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखी जाएगी तथा इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय और विकास कार्यों के लिए किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गणना कार्य के लिए जिला में 2027 ब्लॉक बनाए गए हैं। एक ब्लॉक में 700 से 900 की जनसंख्या है, यानि करीब 150 से 200 मकान शामिल हैं। गणना कार्य के लिए जिला में करीब 2500 एलूमिनेटर लगाए गए हैं। इसके अलावा 6 एलूमिनेटर पर एक सुपरवाइजर लगाया गया है। ऐसे में करीब 500 से 600 सुपरवाईजर लगाए गए हैं। एक से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) का कार्य किया जाएगा। इस दौरान नगराधीश अनिल कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, डीआरओ राजकुमार, डीडीए डॉ. विनोद फौगाट, तहसीलदार जयबीर सिंह, तोशाम से नायब तहसीलदार अशोक कुमार सहित जनगणना से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
