राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण ने कार्यभार संभाला
भिवानी। हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग की नवनियुक्त चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण ने मंगलवार को पंचकूला के सेक्टर 6 स्थित हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग कार्यालय में अधिकारिक तौर पर कार्यभार संभाला और कार्यभार ग्रहण करने संबंधित प्रक्रिया पूरी की। तृप्ति के कार्यभार ग्रहण करने के दौरान प्रमुख रूप से हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देवकुमार शर्मा, हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव सुषमा गुप्ता, भाजपा प्रदेश महामंत्री सुरेन्द्र पूनिया, नगर निगम फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी,भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, आईएएस सचिव हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सचिव आईएएस मोनिका मलिक, वीरेन्द्र श्योराण, मानवेन्द्रा श्योराण, वरिष्ठ भाजपा नेता वरूण श्योराण, डॉ.सौरभ भीष्म, चंदा गुप्ता, आकाश सिंह, विकास गुज्जर, चन्द्रमोहन, एडवोकेट देवकांत शर्मा, पंकज, बहन राधा राठी, भाजपा नेता विकास शर्मा डबवाली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने तृप्ति का फूलमालाएं व गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।

बता दें कि तृप्ति श्योराण भिवानी जिले के लोहारू हलके के गांव गागड़वास निवासी हरियाणा को-ऑपरेटिव बैंक भिवानी में सहायक प्रबंधक रहे स्वर्गीय हरिपाल श्योराण की बेटी हैं। पंचकूला के सेक्टर 6 स्थित हरियाणा बाल अधिकार संरक्षण आयोग कार्यालय में आयोग की चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण ने कार्यभार ग्रहण किया। तृप्ति ने कार्यभार ग्रहण करने के दौरान कहा कि बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा, शिक्षा एवं कल्याण के क्षेत्र में प्रभावी कार्य किए जाएंगे। श्योराण ने कहा कि उनका बच्चों के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं समग्र विकास सुनिश्चित करना ही लक्ष्य हैं।
तृप्ति ने कहा कि बाल अधिकार संरक्षण आयोग अधिनियम 2005 के तहत प्रदत्त शक्तियों एवं कर्तव्यों का पूर्णतः निर्वहन किया जाएगा, जिससे बच्चों के भविष्य एवं अधिकारों की रक्षा के लिए आयोग अग्रणी भूमिका निभाएगा। वहीं बच्चों के विरुद्ध लैंगिक अपराधों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा उसमें संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। संवेदनशील मामलों की जांच निष्पक्षता के साथ कर सरकार को आवश्यक अनुशंसाएं प्रस्तुत की जाएंगी। श्योराण ने कहा कि उनका लक्ष्य भारतीय संविधान की मूल विचारधारा भेदभाव रहित दृष्टिकोण के अनुरूप कार्य करना है।
श्योराण ने कहा कि बाल अधिकारों के उल्लंघन के मामलों में वह स्वयं संज्ञान लेगी और जांच कर न्याय दिलवाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि वे बाल कल्याण से संबंधित मौजूदा कानूनों की समीक्षा करेंगी एवं उनमें सुधार एवं अच्छे के लिए राज्य सरकार को सिफारिशें भेजेंगी। वहीं बच्चों को रखने वाले बाल गृहों या जेलों का निरीक्षण करेंगी, ताकि बच्चों के शोषण, दुर्व्यवहार या शिक्षा से वंचित होने के मामलों में तत्काल हस्तक्षेप कर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकें। इस अवसर पर चेयरपर्सन तृप्ति श्योराण ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर व महिला एंव बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी का आभार जताया।
