राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
उच्चतम न्यायालय के समक्ष लंबित मामलों के लिए जिला स्तर पर कमेटी का गठन
भिवानी। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के आदेशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चेयरमैन व जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर. चालिया के मार्गदर्शन में स्थानीय एडीआर सेंटर में समाधान समारोह को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम पवन कुमार ने उच्चतम न्यायालय के समक्ष लंबित मामलों के सौहार्दपूर्ण निपटारे के लिए समाधान समारोह यानि विशेष समाधान अदालतों के आयोजन बारे विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बताया कि ये विशेष लोक अदालत माननीय उच्चतम न्यायालय में 21 से 23 अगस्त 2026 के दौरान आयोजित होंगी।

सीजेएम पवन कुमार ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के समक्ष लंबित मामलों के लिए जिला स्तर पर कमेटी का गठन किया गया है जिसमें एलएडीसी अधिवक्ताओं, मध्यस्थता अधिवक्ताओं, पैनल अधिवक्ताओं सहित अधिकार मित्रों को जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य उच्चतम न्यायालय में लंबित मामलों से जुड़े पक्षकारों को आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपने विवादों का समाधान करने का अवसर प्रदान करना है।
समाधान समारोह के माध्यम से मामलों का शीघ्र, सरल एवं कम खर्च में निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा। लोक अदालत एवं वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली के माध्यम से न केवल न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आती है, बल्कि पक्षकारों के समय और धन की भी बचत होती है। साथ ही पारस्परिक संबंधों का संरक्षण भी संभव हो पाता है। इस प्रक्रिया में दिए गए निर्णय अंतिम एवं बाध्यकारी होते हैं तथा इनके विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं होता।
सीजेएम ने सभी संबंधित पक्षकारों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने मामलों के समाधान हेतु आगे आएं और न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहयोग करें। अधिक जानकारी के लिए संबंधित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भिवानी के दूरभाष नंबर 01664-245933 अथवा टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।
