राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। गांव कुडल स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुडल में कक्षा 12वीं के शानदार परीक्षा परिणाम पर “अपने संस्कार अपनी संस्कृति संस्था” द्वारा विद्यार्थियों के लिए वाटर कूलर स्थापित किया गया। संस्था की ओर से विद्यालय की मेधावी छात्रा अंजली से वाटर कूलर का रिबन कटवाकर इसका शुभारंभ कराया गया।

विद्यालय की छात्रा अंजली ने 12वीं कक्षा में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया। वहीं विद्यालय के 14 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से गांव में खुशी का माहौल बना हुआ है।

इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की मेहनत और लगन प्रेरणादायक है। संस्था भविष्य में भी शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

विद्यालय के प्राचार्य जयवीर ने कहा कि विद्यार्थियों ने अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने अंजली के 96 प्रतिशत अंक तथा 14 विद्यार्थियों के मेरिट में आने को विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया। साथ ही संस्था द्वारा लगाए गए वाटर कूलर के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। विद्यालय प्रशासन ने संस्था का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी शिक्षा और विद्यार्थियों के हित में ऐसे सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में प्राचार्य जयवीर, मुख्य शिक्षक कंवर भान, विजयेंद्र, संदीप, सुरेश भारद्वाज, यशवीर, अनुलता, मीना, विजया, रितु, विनोद, पवन, दीपक, प्रविन्द्र, राजेश, रामनिवास, सोमवीर एवं प्रवीण सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। वहीं संस्था की ओर से प्रवक्ता उमेद सिंह, नबीन, राजेश, मुरारी, प्रताप सिंह, जिले सिंह, रामकुमार, आनंद शर्मा और भृगु पंडित सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। साथ ही ग्रामीण गणमान्य व्यक्तियों सहित अभिभावकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
