राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। जिला पुलिस भिवानी द्वारा चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीआईए स्टाफ-2 भिवानी ने सेवा नगर क्षेत्र में एक मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिले में घरों में चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ-2 की टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार सेवा नगर निवासी एक महिला ने थाना शहर भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 5 मार्च को वह अपने परिवार के साथ राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए गई हुई थी। इसी दौरान रात करीब दो बजे अज्ञात व्यक्तियों ने उनके मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और नकदी, सोने-चांदी के आभूषण तथा एक स्कूटी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।मामले की जांच के दौरान सीआईए स्टाफ-2 के मुख्य सिपाही अजय कुमार ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट हासिल कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश पुत्र प्रकाश और मनोज पुत्र पीतांबर निवासी गोकलगढ़, रेवाड़ी के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर एक जोड़ी चांदी की पाजेब और चार चांदी की अंगूठियां बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं।उल्लेखनीय है कि इससे पहले इसी मामले में आरोपी गौतम को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिससे पुलिस ने 50 हजार रुपये नकद, चोरी की गई स्कूटी तथा सोने-चांदी के आभूषणों को पिघलाकर तैयार की गई धातु बरामद की थी।रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपियों राकेश और मनोज को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
