एनडीआरएफ टीम ने एनसीसी कैडेट्स को दिए आपदा प्रबंधन के गुर, प्रशिक्षण शिविर में प्रतियोगिताओं का भी हुआ आयोजन

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी भिवानी के कमांडिंग ऑफिसर रितेश रंजन के नेतृत्व में बीआरसीएम बहल में चल रहे वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-164 के आठवें दिन कैडेट्स को आपदा प्रबंधन से जुड़ा विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एनडीआरएफ की 7वीं बटालियन बठिंडा की टीम इंस्पेक्टर यतेन्द्र के नेतृत्व में शिविर में पहुंची और कैडेट्स को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

एनडीआरएफ टीम ने प्रशिक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन के मूल सिद्धांत, बचाव एवं राहत कार्य, आपदा के प्रकार एवं उनके प्रभाव, आपदा प्रतिक्रिया योजना, बचाव उपकरणों के उपयोग, प्राथमिक चिकित्सा और आपदा चिकित्सा, संचार एवं समन्वय, खोज एवं बचाव तकनीक, खतरनाक सामग्री प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य तथा सामुदायिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। टीम ने बताया कि इन प्रशिक्षण बिंदुओं पर ध्यान देकर एनसीसी कैडेट्स आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को और अधिक मजबूत बना सकते हैं।

प्रशिक्षण सत्र के उपरांत डिप्टी कैंप कमांडेंट एंटोनी हेनरी सेल्वम ने एनडीआरएफ टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।कैंप एडजुडेंट फर्स्ट ऑफिसर राजेश कुमार ने बताया कि वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को ड्रिल से संबंधित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसमें परेड कमांड, साइजिंग एवं फार्मिंग, सलामी, मार्चिंग, मार्च करते हुए मुड़ना, कदमताल, शस्त्र ड्रिल, राइफल सैल्यूट, समान गार्ड तथा गार्ड माउंटिंग की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।

इसके साथ ही कैडेट्स को संचार कौशल एवं मानचित्र अध्ययन का प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसमें मानचित्र के प्रकार, सांकेतिक चिन्ह, मापक, भू-आकृतियां, ग्रिड प्रणाली, नॉर्थ के प्रकार, कम्पास का उपयोग, बीयरिंग निकालना तथा मानचित्र पर अपनी स्थिति ज्ञात करने जैसे विषय शामिल रहे।शिविर में कैडेट्स के लिए पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन, प्रस्ताव लेखन, रस्साकसी, म्यूजिकल चेयर, ड्रिल और फायरिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। शिविर प्रशासन ने बताया कि सभी विजेता कैडेट्स को कैंप के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!