मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाने की शिकायत पर आयुष्मान नोडल अधिकारी सस्पेंड

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

⏩ मंत्री राजेश नागर ने जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में दिए कड़े निर्देश

⏩ 14 परिवादों की सुनवाई, 9 का मौके पर समाधान

भिवानी। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर ने शुक्रवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में 14 परिवादों की सुनवाई करते हुए कई मामलों में सख्त रुख अपनाया।बैठक के दौरान आयुष्मान पैनल के एक निजी अस्पताल में इलाज में लापरवाही बरतने और मामले को रफा-दफा करने का दबाव बनाने की शिकायत मिलने पर मंत्री राजेश नागर ने स्वास्थ्य विभाग के आयुष्मान योजना का कार्य देख रहे नोडल अधिकारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करने के निर्देश दिए। साथ ही मामले की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त, सिविल सर्जन और समिति की दो महिला गैर सरकारी सदस्यों की संयुक्त कमेटी गठित की गई। मंत्री ने संबंधित अस्पताल का आयुष्मान पैनल से लाइसेंस रद्द करने के भी निर्देश दिए।बैठक में कुल 14 परिवाद रखे गए, जिनमें से 9 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 5 मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखा गया।

मंत्री राजेश नागर ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि नागरिकों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जाए और पेयजल संबंधी शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई हो। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों के फोन उठाने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए। भिवानी निवासी भगवानदास की सीवरेज समस्या पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही कष्ट निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्यों की कमेटी बनाकर 15 दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। फैंसी चौक निवासी धर्मसिंह के निजी अस्पताल में उपचार में लापरवाही से हुई मौत के मामले में बोर्ड गठित कर 15 दिन के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं हनुमान गेट निवासी संतोष के बेटे की मौत के मामले में भी दो महिला सदस्यों को जांच कमेटी में शामिल कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

महम रोड पर पौधारोपण संबंधी परिवाद पर वन विभाग को पर्याप्त संख्या में पौधे लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं औद्योगिक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर एचएसआईआईडीसी, एचएसवीपी और नगर परिषद को तुरंत सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए गए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को प्रदूषण फैलाने वालों के चालान काटने के निर्देश भी दिए गए।डीसी कॉलोनी के निवासियों द्वारा पेयजल समस्या उठाए जाने पर मंत्री ने नए बोर लगाने, पुरानी मोटरों को बदलने और पानी सप्लाई का समय निर्धारित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मूलचंद मंदिर के सामने गली में बने गड्ढे को तुरंत दुरुस्त करवाने के आदेश दिए गए।

मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरकार नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा प्रत्येक माह की 10 तारीख तक राशन वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता के साथ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।इस अवसर पर विधायक घनश्याम सर्राफ, विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, डीसी साहिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी और समिति के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!