राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता, करनाल के जिला प्रभारी एवं मूल रूप से यमुनानगर निवासी भरत भूषण जुयाल को हरियाणा राज्य सहकारी एपेक्स बैंक लिमिटेड (हरको बैंक) का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव पंकज यादव द्वारा 29 मई 2026 को जारी अधिसूचना में भरत भूषण जुयाल की नियुक्ति की पुष्टि की गई है। आदेश के अनुसार हरियाणा के राज्यपाल ने उन्हें हरको बैंक के निदेशक मंडल की प्रबंध समिति में सरकार के नामित सदस्य के रूप में भी नियुक्त किया है।

विभागीय आदेश में कहा गया है कि यह नियुक्ति हरियाणा सहकारी समितियां अधिनियम, 1984 की धारा 29(1)(ए) एवं धारा 30 के प्रावधानों के तहत की गई है। साथ ही उनकी नियुक्ति से संबंधित सभी नियम एवं शर्तें मुख्य सचिव कार्यालय (राजनीतिक एवं संसदीय कार्य विभाग) द्वारा 26 मई 2026 को जारी पत्र के अनुरूप लागू होंगी।भरत भूषण जुयाल लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। वर्तमान में वह करनाल के भाजपा जिला प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
संगठन में उनके लंबे अनुभव और राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए उनकी नियुक्ति को सहकारिता क्षेत्र में सरकार का एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।हरको बैंक प्रदेश की प्रमुख सहकारी वित्तीय संस्थाओं में से एक है, जो ग्रामीण, किसान और सहकारी क्षेत्र से जुड़े लोगों को बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में भरत भूषण जुयाल की नियुक्ति को बैंक की प्रशासनिक कार्यप्रणाली और वित्तीय प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।सरकार के इस फैसले के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भरत भूषण जुयाल को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दी हैं।
