11 हरियाणा बटालियन एनसीसी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर नेकीराम पार्क में लगाए गए छायादार, फलदार व औषधीय पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

विश्व पर्यावरण दिवस पर 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी ने चलाया पौधारोपण महाअभियान

भिवानी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी द्वारा स्थानीय नेकीराम पार्क में विशाल पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा युवाओं को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का नेतृत्व 11 हरियाणा बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल रितेश रंजन एवं एडम ऑफिसर कर्नल एंटोनी हेनरी सेल्वम ने किया।

इस अवसर पर सूबेदार मेजर डी. गोपाला कृष्णम, फर्स्ट ऑफिसर राजेश कुमार, लेफ्टिनेंट सन्नी पानू, पीआई स्टाफ तथा बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुई, जिसके बाद नीम, पीपल, बरगद, अमलतास, अर्जुन, जामुन, शीशम और कदंब सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। वन विभाग भिवानी द्वारा पौधे उपलब्ध कराए गए, जिसके लिए एनसीसी अधिकारियों ने विभाग का आभार व्यक्त किया।

कर्नल एंटोनी हेनरी सेल्वम ने अपने संबोधन में कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण पर्यावरण संरक्षण आज मानव अस्तित्व की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

फर्स्ट ऑफिसर राजेश कुमार ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पेड़ हमें ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ जल संरक्षण, मिट्टी के कटाव की रोकथाम, जैव विविधता संरक्षण और जलवायु संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

वहीं लेफ्टिनेंट सन्नी पानू ने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और औद्योगीकरण के कारण हरित क्षेत्र लगातार कम हो रहे हैं, जिससे पर्यावरणीय चुनौतियां बढ़ रही हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने पौधारोपण के साथ पार्क परिसर की सफाई भी की तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया। “एक पेड़ मां के नाम”, “हरित भारत, स्वच्छ भारत”, “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” और “पर्यावरण बचाओ, भविष्य संवारो” जैसे नारों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया।

इस अवसर पर सूबेदार रामजी लाल, सूबेदार पीतम सिंह, नायब सूबेदार लोकेश कुमार, नायब सूबेदार विनोद कुमार, सीएचएम रवीन्द्र सिंह, सीएचएम संजय सिंह, हवलदार मंदीप सिंह, हवलदार गौरव, हवलदार हरिओम सिंह, हवलदार अरुण भारद्वाज एवं हवलदार मनोज कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के अंत में सभी एनसीसी अधिकारियों, पीआई स्टाफ एवं कैडेट्स ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कर्नल सेल्वम ने विश्वास व्यक्त किया कि एनसीसी कैडेट्स समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और हरित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!