राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर और अधिक सशक्त होकर उभरा है। भारत एक ऐसा देश है जो बड़ी चुनौतियों को भी विकास के अवसरों में बदलने में पूर्णतया सक्षम है यह कहना है भिवानी महेंद्रगढ़ से लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह का। उन्होंने आज अपने निज निवास स्थान पर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए लोगों से जनसंवाद कर उनकी समस्याओं को सुनकर इनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हमारे सामने बढ़ती आबादी के लिए रोजगार और आजीविका के साधन जुटाना एक बड़ी चुनौती है लेकिन यह एक अवसर के रूप में इस तरह से है कि जहां विश्व की अधिकतम आबादी बूढ़ी हो रही है वहीं भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है। कुशल कार्यबल के रूप में ‘स्किल इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों ने युवाओं को नौकरी खोजने वाले के बजाय नौकरी देने वाला बना दिया है। उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया और यूपीआई क्रांति ने ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग की चुनौती को अवसर में बदल दिया है और आज भारत दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल लेनदेन करने वाले देशों में अग्रणी है, जिससे भ्रष्टाचार कम हुआ है और पारदर्शिता बढ़ी है यह सब मोदी सरकार की दूरदर्शी कारगर नीतियों की बदौलत संभव हुआ है।

सांसद ने बताया कि बढ़ती जनसंख्या के लिए खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता और किसानों की आय बढ़ाना बड़ी चुनौती थी जिस पर सरकार द्वारा कृषि क्षेत्र में आधुनिकीकरण, प्राकृतिक खेती और एग्री-टेक स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे उत्पादन भी बढ़ रहा है और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य भी मिल रहा है जिसे हमने चुनौती से अवसर में बदल दिया है। सांसद ने बताया कि जहां विश्व आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रहा है वहीं भारत की वास्तविक जीडीपी ( वृद्धि दर वित्त वर्ष 2025-26 में 7.7% रही है और जनवरी-मार्च तिमाही में यह 7.8% दर्ज की गई थी।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारतीय अर्थव्यवस्था वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। यह मोदी सरकार की सुदृढ़ आर्थिक नीतियों का परिणाम है। सांसद धर्मबीर सिंह ने बताया कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी में हमने स्वनिर्मित वैक्सीन एक सौ से अधिक देशों को भेजकर उनकी सहायता की और विश्व पटल पर एक नई साख बनाई। भारत ने वैश्विक संकट के दौर में सदैव संपूर्ण विश्व को एक नई राह दिखाई है ।
