राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
⏩ खेलों और उन्नति का गौरव रहा हरियाणा अब खौफ के साये में, न्याय के मंदिर से लेकर जिम तक सरेआम हत्याएं : प्रिया असीजा
⏩ प्रिया असीजा ने की एनआईए व एसटीएफ के समन्वय से गैंगस्टर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की मांग
भिवानी। कभी अपनी कृषि, उन्नति, खेलों में वैश्विक उपलब्धियों और शांत सामाजिक सौहार्द के लिए पहचाना जाने वाला हरियाणा राज्य आज अपराधियों और संगठित गैंगस्टरों के साये में जीने को मजबूर है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगातार आ रही सरेआम हत्याओं, रंगदारी और गोलीबारी की खबरों ने न केवल कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है, बल्कि आम नागरिकों और व्यापारी वर्ग के भीतर गहरे खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। इस बेहद संवेदनशील और गंभीर मुद्दे पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं भिवानी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी प्रिया असीजा ने सीधे देश के गृह मंत्री को ई-मेल के माध्यम से पत्र लिखकर हरियाणा की कानून-व्यवस्था की उच्च स्तरीय समीक्षा करने और अपराधियों के खिलाफ विशेष सैन्य या पुलिस अभियान चलाने की पुरजोर मांग की है।

सामाजिक कार्यकर्ता प्रिया असीजा ने कहा कि हरियाणा राज्य जो कभी देश की तरक्की और खेलों का गौरव हुआ करता था, आज वहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है। सरेआम गोलियां चल रही हैं, अदालतों के बाहर मर्डर हो रहे हैं और हमारे व्यापारियों से खुलेआम रंगदारी मांगी जा रही है। युवा वर्ग भय के साये में है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस या प्रशासनिक कार्रवाई का कोई डर ही नहीं रह गया है। अगर केंद्र सरकार ने इस संगठित गैंगस्टर नेटवर्क को तोडऩे के लिए तुरंत कड़े कदम नहीं उठाए, तो स्थिति हाथ से निकल जाएगी।
असीजा ने कहा कि हांसी में सुबह व्यायाम के वक्त बाइक सवार बदमाशों ने जिम संचालक कपिल रेड्डू पर करीब 10 राउंड गोलियां दागकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस दुस्साहस की हद यह थी कि सोशल मीडिया पर कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने इसकी जिम्मेदारी ली, जो राज्य में पनप रहे समानांतर डिजिटल क्राइम नेटवर्क को दर्शाता है। 16 मई को खरखौदा कोर्ट परिसर के ठीक बाहर कुख्यात अपराधी नीरज उर्फ कटिया की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। न्याय के मंदिर के बाहर इस तरह की वारदात ने न्याय प्रणाली और सुरक्षा तंत्र की सुरक्षा पर सबसे बड़ा सवालिया निशान लगाया है। 15 मई को झज्जर के सुबाना गांव में हितेश उर्फ गुल्लू को उसके घर के बाहर ही घेरकर 20 से अधिक गोलियां मारी गईं।
8 अप्रैल को डीघल गांव में फाइनेंस कारोबारी साहिल उर्फ सोनू की स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। जून माह में ही पानीपत में तीन युवकों को वाहन से कुचलकर मारने का संदिग्ध मामला सामने आया। परिजनों का सीधा आरोप है कि यह अवैध खनन माफियाओं द्वारा रची गई एक सुनियोजित हत्या थी। यही नहीं पूरा हिसार और हांसी बेल्ट इस समय फिरौती (रंगदारी) के कॉल और गैंगवार की चपेट में है, जिससे स्थानीय व्यापारी अपनी दुकानें खोलने तक से कतराने लगे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रिया असीजा ने केंद्र सरकार से जनता के जीवन की रक्षा के लिए मांग उठाई कि केंद्रीय गृह मंत्रालय तुरंत हरियाणा के गृह विभाग और पुलिस महानिदेशक के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था की जमीनी हकीकत की समीक्षा करे, राष्ट्रीय जांच एजेंसी और राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स के समन्वय से सभी सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क और रंगदारी वसूलने वाले गिरोहों को जड़ से खत्म करने के लिए क्रैकडाउन शुरू किया जाए, औद्योगिक और व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा गश्त बढ़ाई जाए और रंगदारी के मामलों की त्वरित सुनवाई व सुरक्षा के लिए एक समर्पित शिकायत सेल का गठन हो।
