राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
अल्मोड़ा/ उत्तराखंड। जनपद के बाड़ेछीना-सेराघाट मोटर मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक सहित 11 लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कानपुर और अयोध्या निवासी श्रद्धालु टनकपुर मेले में दुकान लगाने के बाद परिवार सहित देवभूमि भ्रमण पर निकले थे। श्रद्धालुओं ने पहले कैंची धाम में बाबा नीम करौरी महाराज के दर्शन किए और इसके बाद जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुए। सभी श्रद्धालु मैक्स वाहन संख्या यूके-03-टीए-0097 में सवार थे।
बताया जा रहा है कि बाड़ेछीना पहुंचने के बाद चालक शेर सिंह भूलवश जागेश्वर मार्ग की बजाय धौलछीना रोड की ओर मुड़ गया। बाड़ेछीना से लगभग एक किलोमीटर आगे बढ़ने पर चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन पर उसका नियंत्रण खो गया और मैक्स सड़क से नीचे करीब 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन नीचे बरसाती गधेरे में अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों तथा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार हादसे में घायल पूर्णिमा शुक्ला (24) और दीपाली तिवारी (25) की हालत गंभीर है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायलों में दिनेश कुमार शुक्ला (62), प्रतिमा शुक्ला (50), पूर्णिमा शुक्ला (24), स्नेहा शुक्ला (23), अमित तिवारी (32), दीपाली तिवारी (25), दिव्यांश तिवारी (5), शिवांश तिवारी (2), ममता कौशल, मानवी कौशल तथा चालक शेर सिंह (56) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
