नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका: सीआरपीएफ के SADO अभियान में मिली बड़ी कामयाबी, कारतूस व डेटोनेटर बरामद

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

गयाजी/ बिहार। नक्सल विरोधी अभियान के तहत 47वीं बटालियन सीआरपीएफ एवं लुटुआ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार, डी/47 बटालियन सीआरपीएफ की टीम ने सहायक कमांडेंट राजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व तथा कमांडेंट अवधेश कुमार के पर्यवेक्षण में लुटुआ थाना पुलिस के साथ विशेष क्षेत्र प्रभुत्व (SADO) अभियान चलाया। अभियान के दौरान सोनदाहा कैंप से लगभग 4.5 किलोमीटर पश्चिम एवं डुमरी गांव से करीब 1.5 किलोमीटर पश्चिम स्थित डुमरी नाला के समीप चट्टानों के बीच छिपाकर रखी गई हथियार एवं विस्फोटक सामग्री को सुबह करीब 7:35 बजे बरामद किया गया।

इस अभियान में 47वीं बटालियन सीआरपीएफ के डॉग स्क्वाड तथा बम निरोधक एवं निस्तारण दस्ता (BDDS) की भूमिका महत्वपूर्ण रही। संयुक्त टीम ने क्षेत्र की गहन तलाशी के दौरान संदिग्ध स्थान से सामग्री को सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया।बरामद सामग्री में एक भरमार बंदूक, एके-47 के पांच जीवित कारतूस, एक खाली खोखा, एसएलआर के दो जीवित कारतूस, एक खाली खोखा, एक इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 12 वोल्ट की एक बैटरी, एसएलआर पुल-थ्रू के पांच टुकड़े तथा लगभग 20 मीटर इलेक्ट्रिक तार शामिल हैं।

सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि बरामदगी के बाद आसपास के जंगल क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा बल क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, यह सफलता नक्सलियों की योजनाओं को विफल करने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!