राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए सेक्टर-13 स्थित सीनियर सिटीजन क्लब परिसर में आंधी-तूफान के कारण गिरे लगभग 15 वर्ष पुराने शीशम के पेड़ को दोबारा सीधा खड़ा कर उसे बचाने का प्रयास किया।समिति के संयोजक केके वर्मा ने बताया कि करीब 10 दिन पहले आए तेज आंधी-तूफान में यह पेड़ गिर गया था। वृद्ध आश्रम की देखरेख कर रहे ओमप्रकाश पोपली ने इसकी सूचना समिति को देकर पेड़ को पुनर्जीवित करने का आग्रह किया। इसके बाद समिति के सदस्यों ने सीनियर सिटीजन क्लब के सदस्यों के सहयोग से संयुक्त रूप से पेड़ को दोबारा सीधा खड़ा कर सुरक्षित करने का कार्य किया।

केके वर्मा ने विश्वास जताया कि यह शीशम का पेड़ फिर से हरा-भरा होगा। उन्होंने बताया कि समिति अब तक ऐसे 25 गिरे हुए पेड़ों को सफलतापूर्वक बचा चुकी है।उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके आसपास आंधी या तूफान के कारण कोई पेड़ गिर जाए तो उसे कटवाने की बजाय समिति के मोबाइल नंबर 9253331685 पर सूचना दें, ताकि उसे बचाने का प्रयास किया जा सके। उन्होंने कहा कि एक बड़े और विकसित पेड़ को बचाना अनेक छोटे पौधे लगाने से भी अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि एक पेड़ को बड़ा होने में 10 से 15 वर्ष लग जाते हैं।
इस अभियान में भिवानी पर्यावरण शुद्धिकरण समिति के सदस्यों के साथ सीनियर सिटीजन क्लब के ओमप्रकाश पोपली, संदीप वधवा, प्रदीप सभरवाल, अशोक मुंजाल, डी.पी. बजाज, महेंद्र परूथी, विनय और सत्यवान सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।समिति ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षों पुराने वृक्षों को बचाना भी उतना ही आवश्यक है। ऐसे सामूहिक प्रयास समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
