राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं सचिव ने आज यहां संयुक्त रूप से बताया कि सीनियर सैकेण्डरी कंपार्टमेंट/अतिरिक्त विषय/अंक सुधार विषय की एक दिवसीय परीक्षा 09 जुलाई को एवं सैकेण्डरी कंपार्टमेंट/अतिरिक्त विषय/अंक सुधार विषयों की परीक्षाएं 10 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक संचालित करवाई जाएंगी। इस परीक्षा हेतु प्रदेशभर में कुल 95 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा का समय 2:00 बजे से 5:00 बजे तक रहेगा।
उन्होंने बताया कि सीनियर सैकेण्डरी कंपार्टमेंट/अतिरिक्त विषय/अंक सुधार विषय की एक दिवसीय परीक्षा 09 जुलाई (वीरवार) को संचालित होगी। इस परीक्षा में लगभग 24 हजार 888 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे, जिनमें 15,676 छात्र तथा 9,212 छात्राएं शामिल हैं। उन्होंने आगे बताया कि इसी प्रकार सैकेण्डरी (शैक्षिक) कंपार्टमेंट/अतिरिक्त विषय /अंक सुधार की परीक्षाएं 10 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक संचालित होंगी। इस परीक्षा में लगभग 25 हजार 979 परीक्षार्थी प्रविष्ट होंगे, जिसमें 16,269 छात्र तथा 9,710 छात्राएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के सफल संचालन एवं पवित्रता बनाए रखने के लिए शिक्षा बोर्ड ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। इसके अतिरिक्त 22 प्रभावी उडऩदस्तों का गठन भी किया गया है। सभी परीक्षा केन्द्रों के आसपास परीक्षा के दौरान धारा-163 लागू रहेगी। परीक्षा वाले दिन शिक्षा बोर्ड द्वारा बनाए गए सभी परीक्षा केंद्र भवनों के आसपास 500 मीटर की परिधि तक फोटोस्टेट की दुकानें व कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे। उन्होंने आगे बताया कि सभी परीक्षार्थी अपना रंगीन प्रवेश-पत्र ए-4 साईज पेपर पर ही प्रिन्ट करें। परीक्षार्थी आवेदन फार्म भरते समय अपलोड किए गए रंगीन फोटो को प्रवेश-पत्र पर चिपकाते हुए किसी सरकारी/गैर सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य/ मुख्याध्यापक या किसी राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित करवाना सुनिश्चित करें।
प्रवेश-पत्र एवं मूल आई.डी. कार्ड/आधार कार्ड के बिना परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थी प्रवेश-पत्र को लेमिनेशन न करवाएं क्योंकि प्रवेश-पत्र पर तिथि अनुसार परीक्षार्थी एवं पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर होने अनिवार्य हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी दिव्यांग परीक्षार्थी को लेखक की सुविधा लेनी है तो ऐसे परीक्षार्थी बोर्ड कार्यालय/ परीक्षा केन्द्र पर आवश्यक दस्तावेज जमा करवाते हुए परीक्षा आरंभ होने से पहले लेखक की अनुमति लेना सुनिश्चित करें।
