भिवानी। पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा जिले में अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए थाना तोशाम पुलिस ने बिना लाइसेंस अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 07 जुलाई को थाना तोशाम के मुख्य सिपाही अजय अपनी पुलिस टीम के साथ गांव छपार रागंडान बस अड्डे के पास गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी पर मौजूद थे।
इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि एक व्यक्ति फोर्ड एंडेवर गाड़ी में स्याहडवा से मिरान की तरफ जा रहा है, जिसके पास बिना लाइसेंस का अवैध हथियार है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध फोर्ड एंडेवर गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक के कब्जे से एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम उर्फ लाठर पुत्र रणधीर निवासी ब्रह्मानंद कॉलोनी, पुंडरी, हाल गली नंबर-7, सोधापुर, पानीपत के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना तोशाम में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपना रौब जमाने और शोक करने के उद्देश्य से उक्त अवैध हथियार ₹ 32,000 में खरीदा था।गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे जिला कारागार भेज दिया गया।
