बीपीएल परिवारों की 10 से 45 वर्ष आयु की महिलाओं एवं किशोरियों के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर नि:शुल्क उपलब्ध होंगे सेनेटरी नैपकिन

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। महिलाओं और किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला एवं किशोरी सम्मान योजना प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। विभाग की योजना के तहत बीपीएल परिवारों की 10 से 45 वर्ष आयु की महिलाओं एवं किशोरियों के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध होंगे। नेपकिन के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों पर पंजीकरण करवाना होगा। विभाग ने जिले की सभी पात्र महिलाओं एवं किशोरियों से इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

इस बारे में जानकारी देते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी मजू राणा ने बताया कि जागरूकता के अभाव और सामाजिक संकोच के कारण अनेक महिलाएं मासिक धर्म स्वच्छता पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाती हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से यह योजना लागू की गई है, ताकि जरूरतमंद महिलाओं और किशोरियों को नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जा सकें और उनके स्वास्थ्य की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित हो।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत बीपीएल परिवारों की 10 से 45 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र महिलाओं एवं किशोरियों को प्रत्येक माह नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र लाभार्थियों को अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र पर परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) के साथ पंजीकरण करवाना होगा।उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को विभाग द्वारा पूरी तरह नि:शुल्क सेनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाएं एवं किशोरियां समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें नियमित रूप से योजना का लाभ मिलता रहे।

उन्होंने बताया कि विभाग की महिला अधिकारियों तथा सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर पात्र महिलाओं एवं किशोरियों की पहचान करें और उनका समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करें। किसी भी पात्र महिला या किशोरी को जानकारी के अभाव अथवा अन्य किसी कारण से योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने जिले की सभी पात्र महिलाओं एवं किशोरियों से आह्वान किया कि वे इस योजना का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार के इस महत्वपूर्ण प्रयास से जुड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!