गलत संगत से बचें, परेशानी होने पर माता-पिता से साझा करें अपनी बात : गोपाल तंवर

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

‘अपनी संस्कृति–अपने संस्कार’ अभियान के तहत छात्राओं को किया जागरूक

भिवानी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा लगातार स्कूलों में चलाए जा रहे ‘अपनी संस्कृति–अपने संस्कार’ जनसंपर्क अभियान के तहत भिवानी के सरकारी अस्पताल के पास स्थित पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल भिवानी के जिला मंत्री गोपाल तंवर ने विद्यालय में प्रवास कर करीब 1100 छात्राओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार, सेवा, सुरक्षा और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को लेकर जागरूक किया।

गोपाल तंवर ने छात्राओं को ‘मैं नहीं, राष्ट्र पहले’ का संदेश देते हुए कहा कि देश हमें बहुत कुछ देता है, इसलिए हमें भी राष्ट्र और समाज के लिए कुछ करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘देश हमें देता सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें’ की भावना के साथ समाज और राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को सनातन संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़ी दिनचर्या के बारे में बताते हुए कहा कि सुबह उठकर सर्वप्रथम धरती माता को प्रणाम करें, माता-पिता का आशीर्वाद लें और गौ माता को रोटी खिलाएं। विद्यालय पहुंचने पर गुरुजनों का सम्मान करें तथा अपने ईश्वर को नमन कर दिन की शुरुआत करें। उन्होंने परिवार में सभी सदस्यों के साथ बैठकर भोजन करने और दिनभर की गतिविधियों को माता-पिता के साथ साझा करने की भी अपील की।

गोपाल तंवर ने छात्राओं से कहा कि यदि कोई अनजान व्यक्ति उन्हें परेशान करता है या किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी जानकारी तुरंत अपने माता-पिता या विश्वसनीय परिजनों को दें। उन्होंने छात्राओं को गलत संगत से बचने और अपने संस्कारों को मजबूत बनाने का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि विद्यार्थी घर पर रहकर भी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। इसके लिए नशे से दूर रहना, पानी और बिजली का संरक्षण करना, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करना जैसे कार्य किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्राओं से अपने माता-पिता द्वारा दिए गए संस्कारों को जीवन में अपनाने तथा सोशल मीडिया और गलत संगत से सावधान रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय की करीब 1100 छात्राओं ने अभियान के संदेशों को सुना और राष्ट्र, समाज, पर्यावरण एवं परिवार के प्रति अपने दायित्वों को समझने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!