राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी। लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में एडीसी दीपक बाबूलाल करवा की अध्यक्षता में आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन को लेकर 15 जुलाई से 14 सितंबर चलाए जाने वाले विशेष अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एडीसी ने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, सीएससी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 दिनों में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाकर जिले की पेंडेंसी को शून्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं तालमेल के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करें।एडीसी ने पंचायत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक गांव में मुनादी कराकर लोगों को विशेष अभियान की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक आयुष्मान कार्ड बनवा सकें। इसके साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं को भी अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र महिलाओं के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनवाने की सुविधा जिले के सभी पीएचसी, सीएचसी, नागरिक अस्पतालों एवं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर उपलब्ध है। पात्र लाभार्थी इन केंद्रों पर पहुंचकर आसानी से अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।एडीसी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र परिवारों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि चिरायु-आयुष्मान योजना के तहत पहले बीपीएल एवं 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को शामिल किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 3 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों तक विस्तारित किया गया। इसके अलावा हरियाणा सरकार के कर्मचारियों तथा पेंशनरों को भी योजना का लाभ दिया जा रहा है।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जुलाई से 14 सितंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों तथा आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने सभी विभागों से आह्वान किया कि वे अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाएं और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनवाकर जिले को पेंडेंसी मुक्त बनाने में अपना सक्रिय सहयोग दें।इस दौरान डीडीपीओ सोमबीर कादयान, ग्रामीण आजिका मिशन की जिला प्रभारी शिखा राणा, डीएलसीसी से संजीत कौर, पशु पालन विभाग से डा. सुनील आदि मौजूद रहे।
