देवसर धाम दुर्गा मंदिर में प्रधान न्यायाधीश, किशोर न्याय बोर्ड भिवानी (पीएमजेजेबी) सोहन लाल मलिक व जिला बाल कल्याण समिति के चेयरमैन अधिवक्ता प्रदीप सिंह तंवर ने किया पौधारोपण

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

भिवानी। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ शुक्रवार को गांव देवसर स्थित श्री देवसर धाम दुर्गा मंदिर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल कल्याण समिति भिवानी के चेयरमैन अधिवक्ता प्रदीप सिंह तंवर ने की, जबकि प्रधान न्यायाधीश किशोर न्याय बोर्ड भिवानी (पीएमजेजेबी) सोहन लाल मलिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने मंदिर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा देश, प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश किशोर न्याय बोर्ड भिवानी (पीएमजेजेबी) सोहन लाल मलिक ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि मानव जीवन और प्रकृति को सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्रभावित हो रहे मौसम चक्र को संतुलित बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। जिस प्रकार हम अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं, उसी प्रकार पौधों का संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला बाल कल्याण समिति भिवानी के चेयरमैन अधिवक्ता प्रदीप सिंह तंवर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति और वृक्षों को देवतुल्य माना गया है। मंदिर जैसे पवित्र स्थान पर पौधारोपण करने से श्रद्धालुओं में भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन के हर शुभ अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।

श्री देवसर धाम सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह तंवर एवं सचिव बृजपाल सिंह तंवर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा मंदिर परिसर में लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी (डीसीपीओ) नरेंद्र जांगड़ा, जिला बाल कल्याण समिति के सदस्य अधिवक्ता धीरज सैनी, सोशल वर्कर रिंकू तथा सपोर्ट पर्सन लक्ष्मी भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!