5 हजार का इनामी बदमाश 2 देसी कट्टे और 7 कारतूस सहित गिरफ्तार

राजेश बिष्ट नए भारत का उदय

भिवानी। भिवानी पुलिस की सीआईए स्टाफ-द्वितीय ने करीब सवा साल से फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से दो देसी कट्टे और सात जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान गांव दांग कला निवासी संजय पुत्र बीर सिंह के रूप में हुई है।डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने बताया कि 4 अप्रैल 2025 को थाना तोशाम में सुभाष की शिकायत पर मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज हुआ था। इस केस में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि संजय फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर ₹5 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

शनिवार को सीआईए स्टाफ-द्वितीय के प्रभारी उप निरीक्षक दशरथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को तोशाम क्षेत्र से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, रोकने का इशारा करने पर आरोपी ने मोटरसाइकिल से पुलिसकर्मियों और बैरिकेड में टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो देसी कट्टे और सात जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस संबंध में थाना तोशाम में शस्त्र अधिनियम के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ पहले से लड़ाई-झगड़ा, मारपीट, अपहरण, आबकारी अधिनियम, जान से मारने की धमकी और शस्त्र अधिनियम समेत कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी, ताकि उससे गहन पूछताछ कर अन्य मामलों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!