राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी,हरियाणा 30 जनवरी : अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण परिषद एवं सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट के के तत्वावधान में शुक्रवार को स्थानीय चौ. बंसीलाल नागरिक अस्पताल में शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा के सान्निध्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में रक्त की कमी को पूरा करना और युवाओं को समाज सेवा के प्रति जागरूक करना है। इस मौके पर 21 ने रक्तदान किया, जिन्हे अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण परिषद के हाई कमिश्नर (मानवाधिकार) डा. राजू मेहरा जताई एवं शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा ने बैज लगाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। शिविर की शुरुआत में देश के महान सपूतों विशेषकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी और रेजांग ला युद्ध के वीर शहीदों को नमन किया गया। डा. राजू मेहरा जताई ने बताया कि दिसंबर माह के शहादत सप्ताह और जनवरी के महत्वपूर्ण दिवसों को याद करते हुए यह नेक पहल की गई है, ताकि देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वालों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जा सके। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है। हमारा लक्ष्य है कि भिवानी के ब्लड बैंक में कभी रक्त की कमी न हो। आज का युवा जिस उत्साह के साथ आगे आ रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से ना केवल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलती है, बल्कि समाज में एकता और सेवा भाव का संदेश भी जाता है। इस मौके पर शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा ने कहा कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी सिर्फ बातों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। हमें अपने महापुरुषों के पदचिन्हों पर चलते हुए मानवता की रक्षा के लिए तत्पर रहना चाहिए। यह शिविर उन सभी वीरों को एक छोटी सी श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश के लिए बलिदान दिया। शिविर में न केवल अनुभवी रक्तदाताओं ने भाग लिया, बल्कि कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर इस मुहिम में अपना योगदान दिया। इस अवसर पर ब्लड बैंक से डा. रोहित, डा. हर्ष कुमार तथा जय सिंह खरकिया चेयरमैन, डा. गजेंद्र बलियाली, एडवोकेट परमहंस चौपड़ा, अनुज यादव, सुमित नागर, सितेंद्र तालु, सुरजभान, कश्मीर, ओमवीर पटवारी, सुनील ऑपरेटर, राजेश, शैलेन्द्र पटवारी, अशोक यादव, संदीप बोदलिया, लक्ष्य, राकेश, विकास यादव दिनोद आदि मौजूद रहे।




