युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और अनुशासन की ओर प्रेरित करती है खेल प्रतियोगिताएं : ठाकुर जनक सिंह

गांव तिगड़ाना में हुआ हरियाणा ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ, 20 टीमों ने लिया हिस्सा

भिवानी, हरियाणा 30 जनवरी : गांव तिगड़ाना भिवानी में आयोजित हरियाणा ग्रामीण हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को बड़े उत्साह, खेल भावना और अनुशासन के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि ठाकुर जनक सिंह, राजेश प्रधान, धीरज हवलदार, भीष्म भगत, जिला पार्षद कृष्ण कुमार एवं सरपंच महोदय सुरेंद्र दहिया द्वारा खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर एवं खेल मैदान पर शुभकामनाएं देकर किया गया। यह प्रतियोगिता 30, 31 जनवरी एवं एक फरवरी को तिगड़ाना खेल परिसर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में कुल 20 पंचायतों की टीमों ने भाग लिया है, जिससे क्षेत्र के खिलाडिय़ों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए टीमों को दो पूल में विभाजित किया गया है। आयोजक समिति के अनुसार प्रतियोगिता का आयोजन नॉक-आउट आधार पर किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक मुकाबला रोमांचक एवं निर्णायक रहेगा। विजेता टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान को 31 हजार रुपये, तृतीय स्थान को 21 हजार रुपये एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता की एंट्री फीस 200 रुपये निर्धारित की गई है।

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक विनोद पिंकू ने कहा कि इस प्रतियोगिता का आयोजन सभी ग्रामीणों के सहयोग से किया जा रहा है,ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और अनुशासन की ओर प्रेरित करती हैं। इससे गांवों में छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का मंच मिलता है और खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर गांव का नाम रोशन करते हैं।

आयोजन समिति की ओर से मोनू, अमन, दीपक, अमित, कृष्ण टूली, अंकित शर्मा, गौरव शर्मा, मोहित प्रजापत, अजय बांडा, प्रीतम, अमित, कालू ने संयुक्त बयान में बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए मैदान, खिलाडिय़ों की सुविधाएं, निर्णायक व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने समस्त खिलाडिय़ों, दर्शकों एवं ग्रामवासियों से खेल भावना बनाए रखने की अपील की। मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह के आयोजनों से न केवल खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है, बल्कि आपसी भाईचारा, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी मजबूत होती है। इस अवसर पर मंच का संचालन दीपा प्रधान, विनोद पिंकू द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पार्षद कृष्ण कुमार, चुनमुन, काला मेंबर, नरेश कोच, विक्की तंवर, मेनपाल सिंह, भोमराज जेलदार, श्यामवीर सिंह कैप्टन धर्मवीर, सुरेंद्र पंच, सतेंद्र पंच, अंकित शर्मा, सूरजपाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में समस्त ग्रामवासी तिगड़ाना एवं आयोजन समिति की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!