
राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी शहर से मात्र 5 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध देवसर धाम में 31 जनवरी शनिवार को माता रानी के विशाल जागरण का आयोजन किया जाएगा।
देवसर धाम मंदिर के पुजारी विक्रम महाराज ने बताया कि जागरण का शुभारंभ रात्रि 9 बजे से होगा, जो माता रानी की इच्छानुसार पूरी रात चलता रहेगा।पुजारी विक्रम महाराज ने बताया कि इन दिनों गुप्त नवरात्र चल रहे हैं, जिनका विशेष धार्मिक महत्व होता है। गुप्त नवरात्रों में माता की आराधना से विशेष फल की प्राप्ति होती है। इसी पावन अवसर पर देवसर धाम में माता रानी का भव्य जागरण आयोजित किया जा रहा है।जागरण में आचार्य आशीष वशिष्ठ, मदन लाल जांगड़ा, सत्यनारायण गर्ग, यश चोपड़ा व संजय योगी पूरी रात माता रानी की महिमा का गुणगान करेंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से जागरण में पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद लेने की अपील की है।देवसर धाम की मान्यता दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। यह ऐसा धाम है जहां देशभर से ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु माता रानी के दर्शन व अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं।
मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत पूरी होती है।करीब 800 वर्ष पूर्व स्थापित इस मंदिर का इतिहास भी अत्यंत रोचक है। मान्यता के अनुसार, लगभग आठ सौ साल पहले एक बंजारा अपनी गायों को लेकर इस क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी उसकी गायें कहीं खो गईं। रात को उसे स्वप्न में देवी मां ने दर्शन देकर पहाड़ी के पास दबी हुई मूर्ति को स्थापित करने का निर्देश दिया। बंजारे ने ऐसा ही किया, जिसके बाद उसकी गायें वापस मिल गईं। तभी से माता रानी की वही मूर्ति देवसर धाम में विराजमान है और तब से यह धाम आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
