
4 से 9 फरवरी तक बेंगलुरु में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी टीम : कुलदीप मेहला
राजेश बिष्ट नए भारत का उदय
भिवानी, हरियाणा 31 जनवरी : 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता के लिए हरियाणा की बॉक्सिंग टीम ने अपनी कमर कस ली है। मुक्केबाजी की नर्सरी कहे जाने वाले भिवानी में आयोजित पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के समापन पर खिलाडिय़ों का जोश और उत्साह देखते ही बना। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी डा. निर्मल दहिया ने खिलाडिय़ों को खेल किट वितरित कर उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया और रवाना किया। स्थानीय राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सैकेंडरी स्कूल में चले इस विशेष कैंप में अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाडिय़ों ने पसीना बहाया। यह शिविर सतेवान कोच की देखरेख में आयोजित किया गया, जहां खिलाडिय़ों की तकनीक और दमखम पर बारीकी से काम किया गया। हरियाणा की यह टीम 4 फरवरी से 9 फरवरी तक कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। खिलाडिय़ों की रवानगी के समय चीफ डिमिशन मदन गोपाल और श्रीभगवान एईओ विशेष रूप से उपस्थित रहे। टीम के साथ कोच वर्षा मलिक (बालिका वर्ग), कोच दीपक (बालक वर्ग), मैनेजर सुधीर मलिक, मनदीप गोयत सहित सुभाष शर्मा, विनोद बाला, कांता और उर्मिला जैसे अनुभवी लोग मार्गदर्शन के लिए जा रहे हैं।
हरियाणा शारीरिक शिक्षक एसोसिएशन के जिला प्रधान एवं पीटीआई कुलदीप महला ने टीम के चयन और तैयारियों पर संतोष जताते हुए खिलाडिय़ों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुक्केबाजों ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया है। भिवानी में लगा यह विशेष प्रशिक्षण शिविर खिलाडिय़ों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। हमारे खिलाडिय़ों की तैयारी और अनुशासन को देखते हुए मुझे पूर्ण विश्वास है कि बेंगलुरु में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा पदक तालिका में शीर्ष पर रहेगा। उन्होंने बताया कि हमारे कोच और शारीरिक शिक्षकों की मेहनत रंग लाएगी और यह टीम इतिहास रचकर लौटेगी। डा. निर्मल दहिया ने अंत में खिलाडिय़ों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि मानसिक मजबूती के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भिवानी की मिट्टी से निकले ये मुक्केबाज देश का भविष्य बनेंगे।
