गांव खरक कलां में गुरु रविदास जयंती उत्सव के बीच विकास कार्यों के लिए खुले खजाने


जिला पार्षद ने 10 लाख, बीडीसी सदस्य ने 5 लाख व पूर्व सरपंच ने एक लाख 2 हजार की राशि विकास कार्यो के लिए की भेंट
भिवानी, 31 जनवरी : संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती के उपलक्ष्य में गांव खरक कलां में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गुरु रविदास जन कल्याण समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जहां एक ओर प्रसिद्ध कलाकार धर्मवीर सांगी के सांग ने दर्शकों को अपनी लोक कला से मंत्रमुग्ध किया, वहीं दूसरी ओर जनप्रतिनिधियों ने गांव के विकास और रविदास भवन के सौंदर्यीकरण के लिए लाखों रुपये की अनुदान राशि की घोषणा की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पार्षद रूपेंद्र ग्रेवाल ने शिरकत की। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में ब्लॉक समिति सदस्य तरुण जिंदवा, पूर्व सरपंच अनिल परमार, गोविंद ठेकेदार और भगवान दास चोपड़ा उपस्थित रहे। समिति के प्रधान सुबेदार धर्मबीर सिंह अन्य पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने अतिथियों का फूल-मालाओं और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया।

समारोह के दौरान मंच से गांव की भलाई और धार्मिक स्थलों के सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिए गए। जिला पार्षद रूपेंद्र ग्रेवाल ने गुरु रविदास जी के चरणों में नमन करते हुए अपने निजी कोटे से गांव के विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। वही बीडीसी सदस्य तरुण जिंदवा ने रविदास भवन में सुविधाओं के विस्तार के लिए 5 लाख रुपये की लागत से कार्य शुरू करवाने का संकल्प लिया। पूर्व सरपंच अनिल परमार और उनके छोटे भाई गोविंद ठेकेदार ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए रविदास भवन के निर्माण कार्य हेतु एक लाख 2 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण धर्मवीर सांगी का सांग रहा।

उन्होंने गुरु रविदास के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया। सांग के माध्यम से सामाजिक समरसता और मानवता का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। इस मौके पर जिला पार्षद रूपेंद्र ग्रेवाल ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता और भाईचारे का मार्ग दिखाती हैं। गांव के विकास में इन महान संतों के नाम पर बने भवनों का विशेष महत्व है। गुरु रविदास जन कल्याण समिति, खरक कलां ने सभी दानदाताओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस सहयोग राशि से रविदास भवन को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाएगा, जिससे पूरे समाज को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर दलीप, रामभूल, ओमपाल, बहादुर सिंह, जयवीर, रामकुमार बंगाली, पूर्व सरपंच ईश्वर मेहरा, धर्मबीर दुकानदार, नरेश, विनोद, डा. रविंद्र, जयकिशन चौपड़ा, कृष्ण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!